वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत ग्रैंड वेनिस मॉल के संचालक सतिंदर सिंह भसीन और उसकी शेल कंपनियों से जुड़ी 389 अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क (प्रोविजनल अटैच) की हैं, जिनका मूल्य 240.03 करोड़ रुपये आंका गया है। जबकि वर्तमान बाजार मूल्य 700 करोड़ के करीब है। कुर्क संपत्तियों में गोवा की पांच 5 अचल संपत्तियां भी हैं।
ईडी अधिकारियों के मुताबिक गोवा की कुर्क संपत्तियां एम-एस इंडिया ओशनवर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड और एम-एस गोवा कनेक्ट प्रापर्टीज प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर हैं। इसके अतिरिक्त ग्रैंड वेनिस मॉल, ग्रेटर नोएडा की 384 व्यावसायिक संपत्ति भी कुर्क हुई है। ईडी ने यह जांच यूपी और दिल्ली में दर्ज कई FIR के आधार पर शुरू की। जिसमें कहा गया कि सतिंदर सिंह भसीन ने ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में ग्रैंड वेनेजिया कमर्शियल काम्प्लेक्स नामक रियल एस्टेट परियोजना शुरू की थी।

जिसमें निवेशकों को कब्जा देने का झूठा आश्वासन देकर बड़ा निवेश कराया। लेकिन निवेशकों को न कब्जा दिया। न ही उनका धन लौटाया गया। ईडी ने पाया कि वीआइआइपीएल, जीवीसीटीपीएल के खातों में जमा पैसा भसीन समूह की अन्य कंपनियों, जैसे एम-एस निच बिल्डर्स एंड कान्ट्रैक्टर्स प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से डायवर्ट कर धन स्रोत छिपाने का प्रयास किया गया। इसी से गोवा में अचल संपत्तियां खरीदी गईं। ईडी के विवेचनाधिकारियों का मानना है कि ये कंपनियां भले ही स्वतंत्र दिखाई गईं, लेकिन इनका वास्तविक नियंत्रण सतिंदर भसीन के पास था।
इसी तरह ग्रैंड वेनिस मॉल की 4,25,152 वर्ग फुट व्यावसायिक भू-भाग को कथित रूप से फर्जी, जाली और पिछली तारीखों वाले समझौतों के आधार पर कंपनी को स्थानांतरित किया गया। इससे पहले ईडी ने अप्रैल 2025 में भसीन और उनके सहयोगियों के आवासीय एवं व्यावसायिक परिसरों पर छापेमारी की थी। जिसमें आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और 36 लाख रुपये नकद बरामद हुये थे।
उस समय बीआइआइपीएल का एक बैंक खाता फ्रीज किया गया था। इसके बाद जून 2025 में 27 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क की गई। तब खुलासा हुआ था कि सतिंदर, क्विंसी भसीन व उनके करीबियों ने निवेशकों को 1300 करोड़ रुपये का चूना लगाया था। जिसको लेकर विभिन्न थानों में निवेशकों की शिकायत पर 80 से अधिक मुकदमे दर्ज किए गए थे। ईडी ने इन्हीं मुकदमों को आधार बनाकर जांच शुरू की और भसीन को गिरफ्तार किया था।