वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद नितिन नबीन उत्तर प्रदेश के पहले दौरे पर लखनऊ पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उनकी अगवानी की।
उनके इस दौरे को यादगार बनाने को राज्य इकाई के नेता और कार्यकर्ता कोई कसर नहीं छोड़ी है। चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लेकर भाजपा के राज्य मुख्यालय तक सड़क के दोनों ओर स्वागत के लिए होर्डिंग और अन्य सामग्री पटी पड़ी है। भगवा गुब्बारों में गैस पूरी भरी है और कार्यकर्ता विभिन्न वेशभूषा में नितिन नबीन व बीएल संतोष का जोरदार स्वागत किया। उमस वाले मौसम की चिलचिलाती धूप भी इनके जोश पर कोई असर नहीं डाल पा रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष शनिवार को दोपहर में लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट से एक ट्रक पर सवार नितिन नवीन व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष का भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उनके साथ वाहन पर भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पंकज चौधरी भी हैं।
दो दिनी प्रवास के दौरान नए पदाधिकारियों को मिशन-2027 के लिए चुनावी मंत्र देंगे, वहीं सांसदों, विधायकों एवं विधान परिषद सदस्यों को भी पार्टी की नई चुनावी रणनीतियों एवं भविष्य के अभियानों से परिचित कराएंगे। दिनभर का कार्यक्रम समाप्त करने के बाद रात्रि का भोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष दोनों उप मुख्यमंत्रियों एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से भी मिलेंगे। किसी सामान्य कार्यकर्ता के घर पहुंचकर बूथ प्रबंधन की बैठक कर बड़ा संदेश देंगे। शहर के गणमान्य लोगों से मिलने का भी कार्यक्रम है।