वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- अलीगंज सेक्टर डी में अवैध बिल्डिंग अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के मामले में एसआइटी को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने परिवहन निगम के मौजूदा प्रबंध निदेशक प्रभुनाथ सिंह और सामान्य प्रशासन विभाग में सचिव पद पर तैनात आइएएस अभिषेक प्रकाश के नाम भी भेजे हैं।
ये दोनों एलडीए उपाध्यक्ष पद पर तैनात रह चुके हैं। बुधवार को नौ आइएएस व नौ पीसीएस अधिकारियों के नाम भेजे गए थे।
असल में 2016 से 2024 तक एलडीए में तैनात रहे अधिकारियों की विस्तृत सूची एसआइटी को दी गई है। अब एसआइटी टीम के अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन प्रवीण कुमार इनमें से जिम्मेदारों का नाम खंगालेंगे।

सूत्र बताते हैं कि एसआइटी ने अग्निशमन और बिजली विभाग से भी ऐसे ही अधिकारियों की सूची मांगी है। पहली बार आइएएस व पीसीएस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच हो रही है।
इससे अधिकारियों में खलबली मची है। कई अधिकारी कहते सुने गए कि सिर्फ तैनाती की वजह से एसआइटी को नाम भेजना उचित नहीं है।
एलडीए 100 से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम अब तक एसआइटी को भेज चुका है। इनमें उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव व जोन अधिकारी के रूप में कार्यरत कर्मियों के अलावा प्राधिकरण सेवा के अफसरों का नाम भी शामिल हैं।