वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- प्रदेश में पहली बार संगठन की बैठक करने पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिनी दौरे में मिशन-2027 का चुनावी धरातल मजबूत करने पर फोकस किया। जनसंपर्क के जरिए जहां लोगों तक नीतियां पहुंचाने का संदेश दिया।
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के घर भोजन, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के घर आम पार्टी व केशव प्रसाद मौर्य के आवास पर चाय पार्टी में शामिल होकर समन्वय का तार कसा। पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ मीटिंग कर साफ किया कि पार्टी उनके अनुभव को चुनावी पूंजी के रूप में प्रयोग करेगी।
नवीन ने पार्टी के अंदर बेहतर वातावरण का संदेश देने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि वो विरोधी दलों के झांसे में न आएं।

नितिन नवीन ने दूसरे दिन रविवार को पद्मश्री डॉ. विद्या बिंदु सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की, जहां शहर का बुद्धिजीवी वर्ग उपस्थित रहा। बाद में क्षेत्र प्रचारक एवं संघ के अनुषांगिक संगठनों के साथ विश्व संवाद केंद्र पर मंथन किया, जिसके बड़े मायने हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के राजभवन कालोनी स्थित आवास पहुंचकर आम का स्वाद लिया, जहां राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह समेत प्रदेश संगठन के भी कई पदाधिकारी रहे।
नवीन ने शाम को प्रेरणा स्थल पर अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजकों को संबोधित करने के बहाने राम मंदिर के कोष चोरी प्रकरण पर खुलकर बोला। उन्होंने दो दिनी दौरे के कई कार्यक्रमों में साफ कहा कि चुनाव में आपसी मतभेद भुलाकर विरोधियों को हराने के लिए जुटना होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष को पता है कि यूपी सबसे बड़ा राज्य है जहां पिछले दिनों पार्टी के अंदर कई विवाद उभरे। सरकार एवं संगठन में समन्वय बना रहे, इसके लिए उन्होंने दोनों पक्षों को सभी कार्यक्रमों में समान वरीयता दी।
पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के अनुभव को अहमियत देकर कार्यकर्ताओं को यह भरोसा दिलाया कि पार्टी किसी को पीछे नहीं छोड़ेगी। सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में बेहतर कानून व्यवस्था एवं प्रशासनिक पारदर्शिता का जिक्र करते हुए 2027 में भी बड़ी जीत दर्ज करने की बात कही। एक बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के घर पहुंचकर बड़ा संदेश दिया।
केशव मौर्य ने पंचशील के अंगवस्त्र और बुद्ध प्रतिमा देकर किया स्वागत-
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने आवास पर रविवार शाम पहुंचे नितिन नवीन और बीएल संतोष समेत सभी का स्वागत पंचशील का अंगवस्त्र पहनाकर एवं भगवान बुद्ध की प्रतिमा देकर किया। इसके बड़े राजनीतिक निहितार्थ हैं।
राजनीतिक पंडितों का कहना है कि अति पिछड़े एवं दलितों का बड़ा वर्ग भगवान बुद्ध में गहरी आस्था रखता है। इन्हें साधने के लिए केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार भी कई प्रतीक स्थल बनवा चुकी है।
इसी रणनीति के तहत सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, एवं ब्रजेश पाठक समेत सभी को बौद्ध पंचशील का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया गया।