उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में रहेगी पूरी सख्ती, नकल के मामले में जब्त की जाएगी साल्वरों की संपत्ति

वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में रहेगी पूरी सख्ती, नकल के मामले में जब्त की जाएगी साल्वरों की संपत्ति

वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-

लखनऊ- भ्रष्टाचार और लापरवाही को लेकर बेहद सख्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही भर्ती को लेकर भी बेहद गंभीर हैं। मुख्यमंत्री के रुख को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने भी इस भर्ती परीक्षा को लेकर सख्त चेतावनी जारी की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आरक्षी भर्ती परीक्षा की शुचिता व गोपनीयता से समझौता करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग को रियायती किराए पर अंतरजिला बसों का संचालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को निर्देश दिए हैं कि छह जून को भर्ती परीक्षा का पूर्वाभ्यास कर कमियों को दूर किया जाए।

इंटरनेट मीडिया पर रखी जाए 24 घंटे नजर-

मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा के दौरान कुछ असामाजिक तत्व इंटरनेट मीडिया के माध्यम से अफवाह व भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने का प्रयास कर सकते हैं। इंटरनेट मीडिया पर 24 घंटे नजर रखी जाए और दुष्प्रचार करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यह परीक्षा लाखों युवाओं की आकांक्षाओं और भविष्य से जुड़ी है। इसलिए सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी अभ्यर्थी को अनावश्यक कठिनाई या परेशानी का सामना न करना पड़े। इस प्रकार की व्यवस्था की जाए, जिससे एक भी अभ्यर्थी को धूप में खड़ा न रहना पड़े। सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा वैकल्पिक बिजली व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भर्ती परीक्षा को लेकर पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करें, जिससे अभ्यर्थियों के मन में व्यवस्था के प्रति संतोष और विश्वास का भाव उत्पन्न हो।

संपत्ति की जा सकती है जब्त-

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने चेतावनी दी है कि अगर परीक्षा में किसी साल्वर को पकड़ा जाता है तो उसकी संपत्ति जब्त की जा सकती है। इस संदर्भ में भर्ती बोर्ड के अपर सचिव सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि बोर्ड के संज्ञान में आया है कि कुछ लोग आगामी परीक्षा को लेकर प्रश्न पत्रों और उसके कंटेट पर चर्चा कर रहे हैं। इसके साथ ही कंटेट का प्रसार करने की कोशिश कर रहे हैं। भर्ती बोर्ड के महानिदेशक एसबी शिरोडकर ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर बताया कि आरक्षियों के 32,679 पदों के लिए दो पालियों में आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा में लगभग 29 लाख अभ्यर्थियों के सम्मिलित होने की संभावना है।

सात वर्ष की सजा और 10 लाख रुपये का जुर्माना-

उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के प्रविधानों के तहत इस प्रकार की गतिविधियां प्रतिबंधित हैं। साल्वर के पकड़े जाने पर पहली बार में अधिकतम सात वर्ष की सजा और 10 लाख रुपये का जुर्माना है।

आजीवन कारावास, 50 लाख से एक करोड़ रुपये का जुर्माना-

दूसरी बार पकड़े जाने पर आजीवन कारावास और 50 लाख से एक करोड़ रुपये ताक जुर्माने का प्रविधान किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिस जिले से साल्वर के पकड़े जाने की सूचना मिलेगी वहां के विवेचक संबंधित जिलाधिकारी को आरोपित की जानकारी देगा, जिससे उसकी संपत्ति को जब्त किया जा सके।

तीन दिवसीय परीक्षा आठ से-

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) आठ से दस जून तक प्रदेश के विभिन्न केंद्रों पर आरक्षी परीक्षा का आयोजन करेगा। कुल 32,679 पद के लिए होने वाली परीक्षा के प्रवेश पत्र अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। जिन उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए सफलतापूर्वक आवेदन किया है, वे अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्म तिथि के साथ लॉग इन करके अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकेंगे। जारी होने के बाद, एडमिट कार्ड का सीधा लिंक उम्मीदवारों के लिए नीचे उपलब्ध करा दिया जाएगा।

एडमिट कार्ड जारी होने की तारीख-

परीक्षा की तिथि के आधार पर एडमिट कार्ड पांच, छह और सात जून को जारी किए जाएंगे। जिनकी परीक्षा आठ जून को है, उनका एडमिट कार्ड 5 जून को आएगा।

🏠
Home
ℹ️
About
🖼️
Images
🔥
Trending