वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी झेल रही जनता को 440 वोल्ट का झटका लगेगा। उत्तर प्रदेश में जनता को यह झटका उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड देगा।
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड ने बिजली की दरों में बढ़ोतरी का फैसला कर लिया है। कारपोरेशन की तरफ से जनता को जून माह का जो बिल भेजा जाएगा, उसमें दस प्रतिशत सरचार्ज जोड़ा गया है। यानी बिजली के बिल में दस प्रतिशत की बढ़ोतरी। जून से फ्यूल सरचार्ज के साथ बिल का आएगा।
उपभोक्ताओं पर बड़ा बोझ-
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन प्रबंधन ने मार्च 2026 का ईंधन अधिभार जून के बिल के साथ उपभोक्ताओं से वसूलने का आदेश जारी किया है। पावर कारपोरेशन ने अपने आदेश में लिखा है कि ईंधन अधिभार 20 प्रतिशत होना चाहिए, जिससे प्रतीत होता है कि जुलाई के बिल में भी 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार का भार उपभोक्ताओं पर डाला जाएगा।

ईंधन अधिभार वसूली पर आपत्ति-
राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार वसूली पर आपत्ति जताई है। परिषद ने कहा है कि बिजली कंपनियों ने पिछले दो साल के पुराने बकाए को जोड़ते हुए इतना बढ़ाया है। मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस मामले की जांच कराई जाए।
परिषद ने विद्युत नियामक आयोग से इस आदेश पर रोक लगाने की मांग की है। इससे पहले फरवरी में भी उपभोक्ताओं से 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार वसूला गया था।
परिषद ने कहा है कि विद्युत नियामक आयोग के टैरिफ आदेश में वास्तविक विद्युत खरीद लागत 4.94 रुपये प्रति यूनिट अनुमोदित की गई थी, जबकि कारपोरेशन ने मार्च 2026 में 5.86 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली खरीद दिखाते हुए उपभोक्ताओं पर 1610 करोड़ का अतिरिक्त भार डाल दिया है।