वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-
लखनऊ- आपातकालीन स्थिति होने पर अब पुलिसकर्मियों के मोबाइल में सायरन बजेगा। पुलिस मुख्यालय ने यक्ष मोबाइल एप्लीकेशन पर इससे संबंधित सुविधा उपलब्ध करा दी है। साथ ही अधिकारियों की सुविधा के लिए यक्ष एप पर ब्राडकास्ट की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे अधिकारियों को विभागीय निर्देश जारी करने के लिए अलग से संदेश नहीं भेजने पड़ेंगे, बल्कि ब्रॉडकास्ट के जरिए संबंधित पुलिसकर्मियों को विभागीय आदेश-निर्देश आसानी के साथ दिए जा सकेंगे।
पुलिस मुख्यालय द्वारा विकसित किए गए यक्ष एप पर 12 लाख से अधिक अपराधियों का डाटा फीड किया गया है। इस डाटा की मदद से किसी भी अपराधी के पकड़े जाने पर आसानी के साथ उसकी पहचान की जा सकती है।

पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति होने पर यक्ष एप के जरिए भेजे जाने वाले संदेश को लेकर तब तक सायरन बजता रहेगा, जब तक की संबंधित पुलिसकर्मी उस संदेश को पढ़ नहीं लेता है। अगर किसी पुलिस कर्मी द्वारा यक्ष एप पर पहले से कोई काम किया जा रहा होगा तो सायरन नहीं बजेगा, लेकिन उसे संदेश देख कर अपनी प्रतिक्रिया देनी होगी।
लूट या सनसनीखेज वारदात होने पर यह सुविधा अपराधियों को पकड़ने में कामयाब साबित होगी। इसके जरिए संबंधित अधिकारी तत्काल यक्ष एप संदेश डालेगा और पूरे जिले में फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों को संबंधित संदेश मिल जाएगा।