वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-
लखनऊ- गोमती बैराज पुल एक बार फिर बंद होने जा रहा है। गोमती नदी पर बने बैराज में लगे गेटों के मरम्मत कार्य के चलते आठ मई से 15 जून तक बैराज पुल पर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान समतामूलक चौराहे से बैकुंठधाम तिराहे के बीच किसी भी वाहन को गुजरने की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है।
गोमती बैराज पुल राजधानी के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है। इस पुल से प्रतिदिन 40 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। हजरतगंज, निशातगंज, गोमतीनगर, भैंसाकुंड समेत कई प्रमुख इलाकों को जोड़ने वाला यह मार्ग बंद होने से लोगों को लंबा चक्कर लगाकर सफर करना पड़ेगा।
खासकर दफ्तर और स्कूल जाने वालों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी ने बताया कि पुल बंद होने के चलते समतामूलक चौराहे से बैकुंठधाम की ओर जाने वाले वाहन अब 1090 चौराहा, पीएनटी बालू अड्डा, बैकुंठधाम तिराहा और भैंसाकुंड होकर जा सकेंगे।

इसके अलावा समतामूलक चौराहे से सेंट्रल अकादमी ग्रीन कॉरिडोर तिराहे के रास्ते भी वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध रहेगा। इस दौरान ट्रैफिक जाम से संबंधित समस्या आने पर ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।
समतामूलक पर जाम की आशंका-
पुल बंद होने की बाद से लोगों में जाम की आशंका बढ़ गई है। पहले भी कई बार गोमती बैराज पुल मरम्मत कार्य के चलते बंद किया जा चुका है। तब हजरतगंज, निशातगंज, कैसरबाग और गोमतीनगर की सड़कों पर भारी दबाव बढ़ गया था।
लंबा जाम लगने से आम जनता को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी थी। अब एक बार फिर करीब डेढ़ महीने तक बैराज बंद रहने से ट्रैफिक व्यवस्था बड़ी चुनौती मानी जा रही है।