वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- विधान सभा चुनाव से पहले पोस्टरों के माध्यम से संदेशों की सियासत तेज हो गई है। एक दिन पहले समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर कई जिलों में पोस्टर लगाकर माफियाराज के आरोप लगाए गए थे। मंगलवार को सपा मुख्यालय के बाहर पोस्टर के जरिए वर्ष 2027 की जीत के लिए अखिलेश यादव को हनुमानजी का आशीर्वाद होने का संदेश दिया गया।
सोमवार को प्रदेश के कई शहरों में सपा के खिलाफ अलग-अलग पोस्टर लगाए गए थे। इनमें आजम खां, अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी, रमाकांत यादव, वीरपाल सिंह यादव आदि की तस्वीरें लगाकर सपा पर निशाना साधा गया था। इन पोस्टरों पर लगाने वाले का नाम नहीं था। इससे पहले लखनऊ में सपा मुख्यालय के बाहर भगवान राम का शाप देते पोस्टर लगाया गया था।

यह पोस्टर भी बेनामी था और सपा ने इसे भाजपा की साजिश बताया था। मंगलवार को सपा कार्यालय के बाहर एक पार्टी नेता की ओर से ‘विजयी भव: 2027’ शीर्षक से लगवाए गए पोस्टर में अखिलेश यादव को हनुमानजी का आशीर्वाद लेते दर्शाया गया। पोस्टर पर मुलायम सिंह यादव, डिंपल यादव की भी तस्वीरें लगी थीं। माना जा रहा है कि इसके माध्यम से सपा की सनातन सम्मान की रणनीति का संदेश दिया गया।