वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- गर्मी की छुट्टियों के बाद प्रदेश के उत्तर प्रदेश माध्यमिक विद्यालय बुधवार से फिर खुल जाएंगे। जुलाई में नियमित पठन-पाठन के साथ शैक्षणिक, सहशैक्षणिक और मूल्यांकन संबंधी गतिविधियों का विस्तृत कार्यक्रम लागू होगा।
कक्षा 9 से 12 तक निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार शिक्षण कार्य कराया जाएगा। कक्षा 10 व 12 के विद्यार्थियों के बोर्ड परीक्षा आवेदन और विवरण सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जबकि कक्षा 11 के विद्यार्थियों का ”पंख” पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाएगा।
जुलाई के दूसरे सप्ताह में पहला यूनिट टेस्ट होगा। इसमें गृहकार्य और बहुविकल्पीय प्रश्नों के आधार पर 20 अंकों का मूल्यांकन किया जाएगा। विद्यार्थियों को आइसीटी का आधारभूत प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति आवेदन और करियर काउंसलिंग भी कराई जाएगी।
अभिभावक-शिक्षक सामान्य सभा, स्काउट-गाइड गतिविधियां, सड़क सुरक्षा अभियान, विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, वन महोत्सव व एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत मेघालय की संस्कृति से विद्यार्थियों का परिचय भी कराया जाएगा।
