वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नए शैक्षणिक सत्र से पहले दो राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों के नाम बदलने का निर्णय लिया है। इसके तहत राजकीय पॉलीटेक्निक, गोंडा का नाम बदलकर सरदार वल्लभभाई पटेल राजकीय पॉलीटेक्निक कर दिया गया है।
वहीं राजकीय पॉलीटेक्निक, सलोन (रायबरेली) का नया नाम स्व. दलबहादुर कोरी राजकीय पॉलीटेक्निक, सलोन (रायबरेली) होगा। इस फैसले के बाद दोनों संस्थानों में नए नाम से सभी शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य होंगे।
नए सत्र में प्रवेश, प्रमाणपत्र, अभिलेख, पत्राचार और अन्य आधिकारिक दस्तावेज नए नाम से भी जारी किए जाएंगे। नाम बदलने के पीछे सरकार का उद्देश्य महापुरुषों और समाज के विशिष्ट व्यक्तित्वों के योगदान को सम्मान देना व उनकी स्मृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
प्राविधिक शिक्षा विभाग के अनुसार अभी नोटिफिकेशन नहीं आया है, नोटिफिकेशन के बाद पुराने नाम के साथ परिवर्तित नाम को भी शामिल करते हुए काउंसलिंग कराई जाएगी। अगले सत्र से पुराने नाम को हटा दिया जाएगा।
