वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश के युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तकनीकी शिक्षा और रोजगारपरक कौशल को बढ़ावा देने के लिए पिछड़ा वर्ग के युवाओं हेतु ‘ओ लेवल’ और ‘सीसीसी’ कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना की शुरुआत की गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसके तहत पात्र ओबीसी छात्र-छात्राएं 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
1 अगस्त से शुरू होगा नया सत्र, नीलिट से मान्यता प्राप्त संस्थानों में मिलेगी ट्रेनिंग-
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत चयनित युवाओं का प्रशिक्षण 1 अगस्त 2026 से शुरू हो जाएगा। खास बात यह है कि यह पूरा प्रशिक्षण भारत सरकार की राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान से मान्यता प्राप्त प्रदेश के 299 प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से पूरी तरह निःशुल्क दिया जाएगा।
योजना के लिए पात्रता और शर्तें-
इस योजना का लाभ उठाने के लिए सरकार ने निम्नलिखित पात्रता मानदंड तय किए हैं। आवेदक का इंटरमीडिएट (12वीं) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। छात्र के माता-पिता या अभिभावक की वार्षिक आय 1 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए। लाभार्थी छात्र किसी अन्य शिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति का लाभ न ले रहा हो।
तीन महीने में पूरा होता है सीसीसी कोर्स-
‘ओ’ लेवल कंप्यूटर प्रशिक्षण की अवधि एक वर्ष निर्धारित है, जबकि ‘सीसीसी’ कोर्स तीन महीने में पूरा होता है। दोनों ही पाठ्यक्रम रोजगार की दृष्टि से बेहद उपयोगी माने जाते हैं। इस योजना के तहत ‘ओ’ लेवल प्रशिक्षण के लिए प्रति छात्र 15,000 रुपये की राशि सरकार द्वारा वहन की जाती है। वहीं ‘सीसीसी’ प्रशिक्षण के लिए प्रति छात्र 3,500 रुपये का भुगतान सीधे विभाग द्वारा किया जाता है। इससे छात्रों पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं पड़ता है और वे पूरी तरह निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर पाते हैं।
पिछले वर्ष 29 हजार से अधिक युवाओं को मिला लाभ-
उत्तर प्रदेश में यह योजना युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय साबित हो रही है। पिछले वित्तीय वर्ष (2025-26) में रिकॉर्ड 29,191 युवाओं ने इस योजना का लाभ उठाकर अपने भविष्य को सुरक्षित किया है।
-
‘ओ’ लेवल कोर्स: 22,407 छात्रों ने पूरा किया।
-
‘सीसीसी’ कोर्स: 6,784 छात्रों ने पूरा किया।
वर्तमान में प्रदेश के 204 संस्थान दोनों कोर्स, 52 संस्थान केवल ओ लेवल और 43 संस्थान केवल सीसीसी कोर्स का संचालन कर रहे हैं।
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के निदेशक उमेश प्रताप सिंह ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे समय रहते आधिकारिक वेबसाइट http://obccomputertraining.upsdc.gov.in पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं को डिजिटल रूप से दक्ष बनाने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर खोलने में मील का पत्थर साबित होगा।
