वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- राजधानी में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 75 केंद्रों पर फिर से कराई जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो गई हैं। जिलाधिकारी विशाख जी. सभी केंद्रों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। सभी को एक दिन पूर्व केंद्र पर जाकर केंद्र व्यवस्थापक से आयोग के निर्देशानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस कमिश्नर से आग्रह किया है। परीक्षा केंद्रों पर इमरजेंसी उपचार की भी व्यवस्था की जाएगी। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को परीक्षा केंद्रों पर निकटतम चिकित्सालय के डाक्टर की ड्यूटी लगाने के साथ एंबुलेंस व दवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए मुख्य अभियंता टीजी व सिस गोमती को निर्देशित किया गया है।
अभ्यर्थियों से बातचीत-
पिछली बार तैयारी काफी अच्छी थी। इस बार भी पूरी मेहनत से लगे हैं। एक डर भी है कि कहीं पेपर बहुत कठिन न आ जाए। केमिस्ट्री और बायोलाजी तैयार कर ली है। फिजिक्स में थोड़ा डर लग रहा है। फिर भी अपना बेस्ट दूंगी। -अनुभवी सक्सेना, राजाजीपुरम
परीक्षा को लेकर अंदर से मन में डर भी है, क्योंकि लग रहा है कि पेपर कठिन आ सकता है। बायो तैयार हो गई है। केमेस्ट्री और फिजिक्स में रिवीजन चल रहा है। अच्छे अंक लाने है। खुद पर विश्वास बनाए रखना है ताकि सब अच्छा हो। -वैष्णवी सिंह, चिनहट
तनाव तो है ही, क्योंकि अमूमन माना जाता है कि दोबारा परीक्षा होने से पेपर कठिन आता है। रिवीजन अंतिम चरण में है। पिछली परीक्षा में जो गलतियां कीं, वो दोबारा न हो, इसका ध्यान रखे हैं। पेपर कठिन आया तो धैर्य के साथ उसे समझ कर हल करना है। -उत्कर्ष राज, पारा
सकारात्मक सोच के साथ नीट की तैयारी है। इसके लिए माक टेस्ट के साथ पिछले वर्ष के प्रश्न हल कर रही हूं। पिछली गलतियां जो हुईं, उन पर भी फोकस है ताकि दोबारा न हो। जिस विषय में कान्सेप्ट वीक लग रहा तो उसे मजबूत कर रही हूं। -यह्वी मोहन, अलीगंज
