वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- कसमंडी कलां गांव में दो पुराने ढांचों को लेकर चल रहा मंदिर-मकबरा और मस्जिद विवाद बकरीद पर भी चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के चलते पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रही और विवादित स्थल पर किसी भी पक्ष द्वारा कोई धार्मिक गतिविधि नहीं की गई।
बकरीद के मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। विवादित स्थल की ओर जाने वाले सभी रास्तों को बैरिकेडिंग लगाकर पूरी तरह बंद कर दिया गया था। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात रहे।
धार्मिक गतिविधियों पर फिलहाल पूरी तरह रोक
इसके साथ ही पूरे इलाके की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए की गई। बताया गया कि बुधवार को ही पुलिस प्रशासन ने मुस्लिम पक्ष से अपील की थी कि विवादित स्थल पर नमाज अदा न करें। गुरुवार को बकरीद के दिन आशंका जताई जा रही थी कि कुछ लोग वहां नमाज पढ़ने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन पुलिस की सख्ती और सतर्कता के चलते ऐसा नहीं हुआ।
मुस्लिम समाज के लोगों ने अन्य निर्धारित ईदगाहों और मस्जिदों में शांतिपूर्वक नमाज अदा की। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि विवादित स्थल पर हिंदू और मुस्लिम दोनों पक्षों की सभी धार्मिक गतिविधियों पर फिलहाल पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार तैनात रहेगा और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि गांव में हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और दोनों समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई है।

धार्मिक गतिविधियों पर फिलहाल पूरी तरह रोक