वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- लखीमपुर खीरी की युवती ने नाका होटल मिलन में गुरुवार को फांसी लगाकर जान दे दी। वह रूम नंबर 23 में अकेले रुकी थी युवती। युवती की पहचान लखीमपुर निवासी 22 वर्षीय गुंजन मिश्रा के रूप में हुई है। जिसके अपहरण का केस वहां के खीरी सदर कोतवाली में दर्ज है।
नाका हिंडोला पुलिस ने परिवार के लोगों को शव मिलने की सूचना भेजी। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया है कि युवती घर से एक भी रुपया लेकर नहीं निकली थी। आज जब उसका शव मिला तो उसके बैग में तीन-चार जोड़ी नए कपड़े और मोबाइल फोन मिला है। परिवार के लोग उसके अपहरण की रिपोर्ट कराने के बाद खुद भी तलाश कर रहे थे।
थाना नाका हिंडोला कमिश्नरेट लखनऊ क्षेत्र के होटल के कमरे में युवती के फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने बताया कि युवती 25 मई से होटल मिलन के कमरा नंबर-23 में रुकी थी। महेवा गंज जनपद खीरी की गुंजन मिश्रा के 27 मई को काफी समय तक कमरे से बाहर न निकलने पर होटल स्टाफ को संदेह हुआ, जिसके बाद होटल कर्मियों ने शाम सात बजे डायल-112 पर सूचना दी।
नाका हिंडोला पुलिस मौके पर पहुंची और पाया गया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। होटल स्टाफ की उपस्थिति में दरवाजा खुलवाकर कमरे के अंदर प्रवेश किया गया, जहां उक्त युवती दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी हुई मिली। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना पर मृतका के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर नाका हिंडोला के मुताबिक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती एमए संस्कृत की सेकंड ईयर की छात्रा थी।
भाई संदीप सिंह ने बताया कि 25 तारीख को घर में सभी लोग खाना खा रहे थे। तभी गुंजन पानी लेने के लिए नीचे उतरी थी। उसके बाद जब 20 मिनट तक वापस नहीं आई तो देखने गए। इसके बाद जब परिवार के सदस्य नीचे उतरे तो देखा दरवाजा खुला था। उसके बाद परिवार ने तलाशना शुरू किया। भाई ने बताया कि काफी देर ढूंढने के बाद जब गुंजन नहीं मिली तो उसको ढूंढ़ने का प्रयास किया गया। इसके बाद 25 तारीख को ही सदर कोतवाली में अपहरण का मुकदमा दर्ज करवाया था। इसके बाद सीसीटीवी में नजर आया कि बहन घर से अकेली निकली थी। आसपास के रिश्तेदारों से मोहल्ले में पता किया पर कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 27 मई को लखनऊ के नाका थाने से रात करीब नौ बजे फोन आया कि बहन का शव मिला है।
परिवार के लोगों ने बताया कि गुंजन घर से ना कोई पैसा लेकर निकाली थी ना कोई फोन। उसने स्कूटी लेने के लिए 35 हजार रुपये बचाकर रखे थे, जो कि घर में ही हैं। लखनऊ में उसके बैग से तीन-चार जोड़ी नए कपड़े, एक मोबाइल फोन और कुछ रुपये भी मिले हैं।
