वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- रायबरेली रोड पर कल्ली पश्चिम में पुलिस चौकी से चंद कदम दूर बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने 41 वर्षीय प्रापर्टी डीलर संदीप सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद नकाबपोश बदमाश बिना नंबर की अपाचे बाइक से रायबरेली रोड की तरफ फरार हो गए।
घटना की सूचना पर डीसीपी दक्षिण अमित कुमार आनंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की है। राजफाश के लिए सर्विलांस समेत पुलिस की पांच टीमों को लगाया गया है। रायबरेली रोड और किसान पथ के आसपास लगे कैमरों से पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
जौनपुर के सिकरारा स्थित टिकारी गांव के रहने वाले संदीप का एक मकान आशियाना में है। बीते कुछ दिनों से संदीप अपनी पत्नी प्रीति, बेटी शिवि और बेटे सार्थक के साथ किराये के मकान में वृंदावन योजना सेक्टर तीन में रहते थे। मोहनलालगंज इलाके में उनकी प्लाटिंग साइट और कल्ली पश्चिम में रायबरेली रोड के किनारे उनका कार्यालय है। बुधवार दोपहर 12:42 बजे वह घर से हरदोई निवासी चालक विपिन के साथ कार में सवार होकर अपने कार्यालय पहुंचे।
विपिन के मुताबिक, कार्यालय के सामने उन्होने संदीप को उतारा और कार पार्क करने लगे। संदीप कार से उतरकर मोबाइल पर बात करते हुए कार्यालय की तरफ बढ़ रहे थे तभी पीछे से एक सफेद रंग की बिना नंबर की अपाचे बाइक पर दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे। बाइक चला रहे बदमाश ने हेलमेट पहना था जबकि पीछे बैठे बदमाश ने कपड़े से सिर और चेहरा ढका था।
पीछे बैठा बदमाश बाइक से उतरा और संदीप पर एक के बाद एक कुल चार गोलियां चलाई। एक गोली संदीप के सिर, दूसरी सीने और तीसरी पेट पर लगी। संदीप लहूलुहान होकर फर्श पर गिरे इसके बाद बदमाश ने सिर में गोली मारी। चालक विपिन ने बताया कि पहले उन्हें लगा किसी चीज के फटने की आवाज है लेकिन जब संदीप की चीख सुनी तो कार से उतरे। इस बीच दोनों बदमाश फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास लोग एकत्रित हो गए।
चालक ने कार से लहूलुहान हालत में उन्हें एपेक्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया जहां इलाज के दौरान संदीप की मौत हो गई। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) दक्षिण अमित कुमार आनंद ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर अज्ञात बदमाशों को चिन्हित करने के लिए टीम लगाई गई हैं। मोबाइल फोन और अन्य माध्यमों से रंजिश, लेनदेन और जमीन के विवाद के बिंदु पर जांच की जा रही है। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

महज सात सेकंड में हुई घटना-
घटना पास लगे एक सीसी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में दिख रहा है कि बदमाश 12: 42 बजे आफिस के सामने पहुंचे और महज सात सेकंड में हत्या कर फरार हो गए। पुलिस सूत्रों का कहना है कि बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से पहले रेकी की थी। वह संदीप के घर से निकलने के बाद से पीछा कर रहे और मौका मिलते ही उन्होंने हत्या कर दी। पुलिस वृंदावन कालोनी के आसपास भी सीसी कैमरों की फुटेज देख रही है। चौकी से कुछ ही दूर हुए इस हत्याकांड से पीजीआइ पुलिस भी सवालों के घेरे में है।