शहर की अन्य प्रमुख मस्जिदों में मस्जिद नदवुल उलेमा, मस्जिद रहमानी अमीनाबाद, मस्जिद दरगाह शाह मीना शाह, मस्जिद तकवियतुल ईदमान नादान महल, मस्जिद कादिर खां तालकटोरा और जामा मस्जिद राजाजीपुरम में सुबह 7:30 बजे नमाज अदा हुई।

मस्जिद चांद वाली तालकटोरा, मंडी वाली मस्जिद अमीनाबाद और मस्जिद नूर मोहम्मद हुसैनगंज में सुबह आठ बजे हुईं। दरगाह दादा मियां सदर में सुबह 8:30 बजे नमाज अदा हो गई। सबसे पहले दरगाह खम्मन पीर बाबा चारबाग और मस्जिद छत्तेवाली चौक में सुबह 6:30 बजे नमाज शुरू हुई।

ग्रामीण स्थानों पर कुल 94 ईदगाह और शहर में 12 सौ से अधिक जगहों पर पुलिस की सुरक्षा में नमाज पढ़ी गई। त्योहार को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दी है। नमाज स्थलों के आसपास यातायात डायवर्जन भी लागू है। नगर निगम की ओर से सफाई और पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है।

पांच जोन और 18 सेक्टर में बंटा शहर, ड्रोन से निगरानी

बकरीद की नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शहर को पांच जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया। सभी संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की गई। इसके साथ ही लोकल इंटेलिजेंस, बम निरोधक दस्ते, स्वान दस्ते, अग्निशमन और अन्य टीमें भी सक्रिय थीं। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि बकरीद पर सुरक्षा के लिए टीले वाली मस्जिद, बड़ा इमामबाड़ा आसिफी मस्जिद, ऐशबाग ईदगाह व संवेदनशील स्थलों की ड्रोन से निगरानी की गई।

डीसीपी यातायात रवीना त्यागी ने बताया कि शहर में बकरीद की नमाज को लेकर विस्तृत डायवर्जन प्लान जारी किया गया। इसका पालन कराने के लिए एसीपी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर और अन्य यातायात कर्मियों के साथ बैठक कर विस्तृत निर्देश दिए। इससे पहले बुधवार को शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया।