वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-
लखनऊ- प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कालाबाजारी पर लगातार अभियान चल रहा है। 12 मार्च से अब तक 29,607 छापे डालकर 220 से अधिक एफआईआर दर्ज की गई। 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
खाद्य व रसद विभाग के अनुसार प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। राज्य के 12,888 पेट्रोल पंपों के जरिये लगातार ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में करीब 82 हजार किलोलीटर पेट्रोल और 1.05 लाख किलोलीटर डीजल का पर्याप्त स्टाक मौजूद है।

4,107 गैस वितरकों के माध्यम से उपभोक्ताओं को बुकिंग के अनुसार सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है। साथ ही वाणिज्यिक एलपीजी को होटल, ढाबा, उद्योग और सामुदायिक रसोई जैसे क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके साथ ही सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है, ताकि लोगों को पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन मिल सके। मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद 117 से अधिक अनुमतियां जारी की गई हैं।
14 मार्च के बाद से अब तक 51,548 नए पीएनजी कनेक्शन दिए गए हैं, जिससे प्रदेश में कुल कनेक्शन की संख्या बढ़कर 16.09 लाख से अधिक हो गई है।