वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-
लखनऊ- सआदतगंज में दो वर्षों से घर में काम कर रही नौकरानी ने लाखों रुपये की जेवरात पार कर दी। रकम पार करने के बाद छुट्टी लेकर फरार हो गई। मालिक को जानकारी होने पर सआदतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस फुटेज व काल डिटेल की मदद से जांच कर रही है।
भोलानाथ कुआं निवासी तलत खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके घर में पिछले करीब दो वर्षों से नसीमुन उर्फ कल्लो नाम की महिला झाड़ू-पोछा और बर्तन धोने का काम करती थी। घर की पहली मंजिल के कमरे में किताबों की अलमारी में एक पर्स के अंदर दस सोने की चूड़ियां, एक सोने की अंगूठी और नकदी रखी थी। ईद के दिन 21 मार्च की सुबह करीब आठ बजे नसीमुन ईदी और वेतन लेने घर आई थी।

रुपये लेने के बाद वह ऊपर के कमरे में सफाई करने के लिए अकेले गई। वह करीब 40-50 मिनट बाद ऊपर के कमरे से नीचे आई। और वह बोली कि 15 दिन के लिए गांव जा रही है। इसके बाद वह जल्दी से घर से निकल गई। पीड़िता ने बताया कि ईद के तीसरे दिन उनकी बेटी ससुराल से आई और चूड़ियां और अंगूठी मांगने लगी। जब वह अलमारी से जेवर निकालने पहुंचीं तो पर्स खाली मिला। उसमें रखी चूड़ियां और अंगूठी गायब थी।
शक होने पर उन्होंने नसीमुन का मोबाइल नंबर मिलाया, लेकिन मोबाइल फोन स्विच ऑफ था। जब पीड़िता ने नौकरानी की बेटी को फोन मिलाकर बात की, तो उसने कहा कि उसकी मां अब लखनऊ काम करने नहीं आएगी और बार-बार फोन न करें।
पीड़िता का आरोप है कि काफी समय बीतने के बाद भी नसीमुन वापस काम पर नहीं लौटी, जिससे पता चलता है कि उसी ने जेवर चोरी किए हैं। पीड़िता ने सआदतगंज थाने में नौकरानी के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर सआदतगंज संतोष आर्या ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है ।