वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-
बाराबंकी- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा के गुरुवार को घोषित परिणाम में बाराबंकी की बेटियों ने हाई स्कूल की परीक्षा में मेहनत व लगन से सफलता के शिखर को स्पर्श किया। यूपी बोर्ड इंटर में भी जिले का डंका बजा है। महारानी लक्ष्मीबाई इंटर कालेज लखपेड़ाबाग की छात्रा श्रेया वर्मा ने 97.2 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल के घोषित परीक्षा परिणाम में नौ मेधावी बेटियों ने प्रदेश की वरीयता सूची में अपना स्थान बनाकर एक बार फिर से इतिहास रचा है। गुरुवार शाम चार बजे जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, जिले की मेधा खुशी से उछल पड़ीं। हाईस्कूल में शीर्ष तीन स्थान पर एक ही स्कूल की छात्राओं ने कब्जा जमाया।

मार्डन एकेडमी इंटर कालेज जैदपुर की छात्रा अशिंका वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की छात्रा अदिति ने 97.5 प्रतिशत व परी वर्मा ने 97.33 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश में दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया। सातवें स्थान पर महारानी लक्ष्मीबाई इंटर कालेज की छात्रा दिव्या व संध्या शिखा ने 96.6 प्रतिशत अंक के साथ हैं।
आठवें स्थान पर भी इसी कालेज की छात्रा निधि ने 96.5 प्रतिशत अंक प्राप्त किया। नौवें स्थान पर भी संयुक्त रूप से किसान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इस्माइलपुर की छात्रा मोनिका यादव व महारानी लक्ष्मी बाई की छात्रा शिक्षा मिश्रा ने 96.33 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है। 10वें स्थान पर आराध्या ने 96.17 अंक प्राप्त किए।
प्रदेश में पहला स्थान हासिल करने वाली जैदपुर के अंदका गांव के कुंदलाल की पुत्री अंशिका वर्मा की सफलता से जिले का मान बढ़ा है। बरयारपुर गांव निवासी विशाल वर्मा की पुत्री अदिति वर्मा व मौथरी निवासी शैलेंद्र कुमार की बेटी परी की सफलता से बेहद खुश हैं।
इंटर में भी बेटियों का दबदबा, टॉप टेन में चार-
इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में भी बेटियों का दबदबा रहा। प्रदेश की वरीयता सूची में यहां की छात्राओं ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया। महारानी लक्ष्मीबाई इंटर कालेज लखपेड़ाबाग की छात्रा श्रेया वर्मा ने 97.2 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे व चौथे स्थान पर भी इसी कालेज के मेधावियों ने कब्जा जमाया है। पूजा पाल ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा व अर्पिता जायसवाल ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश की वरीयता सूची में चौथा स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया। आठवें स्थान पर श्री साईं इंटर कालेज के छात्र आदित्य को 96 प्रतिशत अंक मिले।
नित्य नौ किलोमीटर का सफर-
प्रदेश में दूसरी रैंक हासिल करने वाली नवाबगंज तहसील के हरख गांव की श्रेया वर्मा कंप्यूटर इंजीनियर बनना चाहती हैं। श्रेया के पिता सत्यवान वर्मा प्राइवेट नौकरी करते हैं। इनकी मां रंजना वर्मा गृहणी है। श्रेया प्रतिदिन बस से नौ किलोमीटर का सफर करके पढ़ने आती थीं।
उनकी सफलता पर परिवारजन गदगद हैं। दशहराबाग की पूजा पाल की तीसरी रैंक आई है। वह भी कंप्यूटर इंजीनियर बनना चाहती हैं। इनके पिता सुनील पाल प्राइवेट नौकरी करते हैं और मां रामकुमारी गृहणी हैं