वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज :-दिल्ली की साकेत कोर्ट ने महिला पर गोली चलाने वाले आरोपी को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस मामले को लेकर अपनी कस्टडी में पूछताछ करेगी।
दिल्ली की साकेत कोर्ट ने गवाही के लिए आई महिला पर गोली चलाने वाले आरोपी कामेश्वर सिंह को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। बीते दिन कोर्ट परिसर में आरोपी ने दिन दहाड़े वकीलों के बीच महिला पर एक के बाद एक चार गोलियां दागी थीं। फिलहाल, महिला अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज जारी है।
आरोपी को मिली एक दिन की पुलिस रिमांड
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार आरोपी कामेश्वर सिंह को गोलीकांड मामले में कोर्ट में पेश किया। इसके बाद कोर्ट रूम में मौजूद जज ने आरोपी को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। अब पुलिस आरोपी से इस मामले को लेकर पूछताछ करेगी।
क्राइम ब्रांच ने फरीदाबाद से आरोपी को किया था गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आरोपी को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी ने महिला और एक अन्य वकील के खिलाफ 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। 25 में से सिर्फ आरोपी को अभी तक 3 लाख रुपये का भुगतान किया गया था।
निवेश योजना का दिया था झांसा
आरोपी ने पुलिस में महिला और वकील के खिलाफ बीते साल एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एफआईआर में आरोप लगाया गया कि राधा ने अपने वकील के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर एक निवेश की योजना के बारे में बताया था। इसके जरिए 20 से 40 प्रतिशत प्रति माह ब्याज देने की बात कही थी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दोनों ने बड़े पैमाने पर जनता का पैसा लूटा है।