वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज: जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की शिक्षा पर सवाल खड़े कर कहा है कि गांधीजी ने सिर्फ हाईस्कूल डिप्लोमा किया था। इसका आधार मेरे पास है। उन्होंने कहा कि गांधीजी के पास कोई भी लॉ डिग्री नहीं थी।
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के एक बयान से सियासी पारा गर्म हो गया है। उन्होंने कहा है कि महात्मा गांधी के पास कोई डिग्री नहीं थी। लोगों के अंदर भ्रांति है कि गांधी के पास लॉ की डिग्री थी। इस बयान से उपराज्यपाल ने महात्मा गांधी की शिक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उपराज्यपाल के बयान का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। साथ ही कई विपक्षी पार्टियां भी उपराज्यपाल के बयान को लेकर आपत्ति दर्ज करा रही हैं।
गांधीजी ने सिर्फ हाईस्कूल डिप्लोमा किया था '
जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा गुरुवार को ग्वालियर में स्थित एक निजी आईटीएम यूनिवर्सिटी में डॉ. राम मनोहर लोहिया की स्मृति में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। इसी कार्यक्रम में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक पुस्तक का विमोचन किया और उसके बाद वे सीधे मंच पर भाषण देने के लिए चले गए। इस दौरान उपराज्यपाल सिन्हा ने मंच से सीधे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की शिक्षा पर सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने सिर्फ हाईस्कूल डिप्लोमा किया था और इसका आधार मेरे पास है। उन्होंने कहा कि गांधीजी के पास कोई भी लॉ डिग्री नहीं थी। उपराज्यपाल के इस बयान के बाद कांग्रेस ने इस बयान पर आपत्ति दर्ज कराई है।
'हुजूर वे बाकायदा बैरिस्टर थे डिग्री धारी'
मध्यप्रदेश के मीडिया प्रभारी पीयूष बबेले ने ट्वीट कर कहा है कि जब से मोदी जी और स्मृति इरानी जी की डिग्री पर सवाल शुरू हुए हैं, तब से बड़ा लोचा है। ग्वालियर के एक कार्यक्रम में जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा कह रहे हैं कि महात्मा गांधी के पास तो कोई डिग्री नहीं थी। हुजूर वे बाकायदा बैरिस्टर थे डिग्री धारी.. इनके चक्कर में उन्हें क्यों निपटा रहे हैं।