वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-दोनों देशों के राष्ट्रपति ने भारत और नेपाल के अनोखे और बहुआयामी संबंधों का उल्लेख भी किया और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत बनाने एवं दोनों देशों के लोगों के बीच मित्रता पूर्ण संबंधों को और गहरा बनाने के उपायों पर चर्चा की
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को नेपाल के नए राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल से टेलीफोन पर बातचीत की और राष्ट्रपति पद संभालने के लिए उन्हें बधाई दी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत बनाने एवं दोनों देशों के लोगों के बीच मित्रतापूर्ण संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के उपायों पर चर्चा की। राष्ट्रपति भवन के बयान के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अभी केरल के दौरे पर हैं और शुक्रवार शाम उन्होंने पौडेल से बातचीत की।
बयान के अनुसार, दोनों देशों के राष्ट्रपति ने भारत और नेपाल के अनोखे और बहुआयामी संबंधों का उल्लेख भी किया और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत बनाने एवं दोनों देशों के लोगों के बीच मित्रता पूर्ण संबंधों को और गहरा बनाने के उपायों पर चर्चा की। नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामचंद्र पौडेल ने हाल में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल-एकीकृत मार्क्सवादी के सुभाष चंद्र नेमबांग को हरा कर राष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज की है। पौडेल को आठ दलों का समर्थन मिला था।
पौडेल ने 13 मार्च को ली थी शपथ
गौरतलब है कि नेपाल के नवनियुक्त राष्ट्रपति को 13 मार्च को कार्यकारी मुख्य न्यायधीश ने एक समाराेह में शपथ दिलाई थी।