वॉयस ऑफ़ ए टू जेड न्यूज़:-बुधवार को वायनाड सांसद और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने यात्रा के दौरान आंध्र प्रदेश में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने अपनी भूमिका को लेकर कहा कि इसके बारे में पार्टी प्रमुख बताएंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के नतीजे घोषित होने वाले हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे के रूप में पार्टी को दशकों बाद गैर-गांधी अध्यक्ष मिलने वाला है। इसी बीच पार्टी में राहुल गांधी की भूमिका को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि, राहुल ने खुद ही साफ कर दिया है कि पार्टी प्रमुख ही उनके काम का फैसला करेंगे। फिलहाल, वायनाड सांसद कन्याकुमारी से लेकर जम्मू-कश्मीर तक पदयात्रा की अगुवाई कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी चीफ का चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। बुधवार को राहुल ने यात्रा के दौरान आंध्र प्रदेश में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने अपनी भूमिका को लेकर कहा कि इसके बारे में पार्टी प्रमुख बताएंगे। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष पार्टी में सुप्रीम होता है। हर सदस्य अध्यक्ष के पास जाता है... वे पार्टी में मेरी भूमिका तय करेंगें, प्लीज खड़गे जी और सोनिया गांधी जी से पूछें।'
भाजपा समेत अन्य पार्टियों पर उठा दिए सवाल
पत्रकारों से बातचीत के दौरान राहुल ने भाजपा समेत अन्य राजनीतिक दलों पर भी सवाल उठा दिए। उन्होंने कहा, 'सभी लोग कांग्रेस में चुनाव के बारे में सवाल पूछते हैं। मुझे गर्व है कि कांग्रेस में खुले और पारदर्शी चुनाव होते हैं। क्यों भाजपा और अन्य क्षेत्रीय दलों समेत अन्य पार्टियों में कोई चुनाव में दिलचस्पी नहीं रखता।'
क्या रहे चुनाव के नतीजे
कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। वरिष्ठ नेता खड़गे को 7 हजार 897 मत मिले हैं। जबकि, थरूर के खाते में एक हजार से ज्यादा वोट आए। हालांकि, शुरुआत से ही चुनाव में खड़गे का पलड़ा भारी माना जा रहा था। दिग्विजय सिंह, अशोक गहलोत समेत कई बड़े नेता उनके प्रस्तावक बने थे। इधर, थरूर अपने ही गृहराज्य केरल में समर्थन के लिए संघर्ष कर रहे थे।