वॉयस ऑफ़ ए टू जेड न्यूज़:-केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में एक अध्यक्ष लगातार दो कार्यकाल तक ही रह सकता है। पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के नाम सबसे लंबा समय तक शीर्ष पद पर बने रहने का रिकॉर्ड है।
कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए उम्मीदवारों की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। खास बात है कि सबसे पुरानी पार्टी में 22 साल बाद चुनाव होने जा रहे हैं। इस दौरान सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने पार्टी प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली। फिलहाल, वरिष्ठ नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे, शशि थरूर और केएन त्रिपाठी ने शीर्ष पद के लिए दावेदारी पेश कर दी है। हालांकि, अकेले कांग्रेस ही नहीं बीते कुछ दिनों में राजनीतिक गलियारों में पार्टी अध्यक्षों का मौसम सा चल रहा है। गुरुवार को ही समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव लगातार तीसरी बार पार्टी अध्यक्ष चुने गए। वह साल 2017 से यह जिम्मेदारी संभाव रहे हैं। इससे पहले पार्टी के शीर्ष पद पर उनके पिता मुलायम सिंह यादव साल 1992 से विराजमान थे। हालांकि, भारत की राजनीति में ऐसे कई दल हैं, जिनके अध्यक्ष एक या दो साल नहीं, बल्कि दशकों से नहीं बदले गए हैं।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD)
बिहार के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने बुधवार को पार्टी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। खास बात है वह ऐसा करने वाले एकमात्र नेता था। साल 1997 से लेकर अब तक वह लगातार 12वीं बार अध्यक्ष बने हैं। इस लिहाज से उनका कार्यकाल 25 सालों का हो गया है।
द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम (DMK)
साल 1969 से लेकर अगस्त 2018 में निधन तक पार्टी के शीर्ष पद पर रहे। खास बात है कि जुलाई 2018 में ही उन्होंने पार्टी प्रमुख के पद पर 50 साल पूरे किए थे। वह देश के पहले नेता हैं, जो इतने लंबे समय तक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे।
ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम (AIADMK)
पार्टी के संस्थापक एमजी रामचंद्र के निधन के बाद 1987 से ही सुप्रीमो जे जयललिता पार्टी की महासचिव रहीं। उनका साल 2016 में निधन हो गया था। खास बात है कि सितंबर 2017 में उन्हें 'एटर्नल जनरल सेक्रेटरी' यानी हमेशा के लिए महासचिव कहा गया। हालांकि, फिलहाल पार्टी में नियंत्रण को लेकर तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम और पूर्व उप मुख्यमंत्री एडापड्डी के पलनीस्वामी के बीच तकरार जारी है। साल 2022 में EPS को AIADMK का अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP)
महाराष्ट्र के सबसे युवा मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड बना चुके शरद पवार इस साल लगातार 8वीं बार राकंपा प्रमुख चुने गए। साल 1999 में उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर एनसीपी की शुरुआत की थी। तब से ही वह पार्टी के अध्यक्ष हैं। पवार देश के वरिष्ठतम नेताओं में से एक हैं।
बहुजन समाज पार्टी (BSP)
पार्टी की कमान फिलहाल उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती संभाल रही हैं। इस पद पर उन्हें 19 साल हो गए। खास बात है कि पार्टी के संस्थापक कांशीराम भी साल 1984 से लेकर 2003 यानी 19 सालों तक ही बसपा के कप्तान रहे थे।
भारतीय जनता पार्टी में क्या है स्थिति?
केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा में एक अध्यक्ष लगातार दो कार्यकाल तक ही रह सकता है। पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के नाम सबसे लंबा समय तक शीर्ष पद पर बने रहने का रिकॉर्ड है। उन्होंने अलग-अलग समय पर करीब 10 साल पार्टी की कमान संभाली।
जीवनभर पार्टी अध्यक्ष रहेंगे जगन मोहन रेड्डी
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी को जीवनभर के लिए युवजन श्रमिक रायथु कांग्रेस पार्टी (YSRCP) का अध्यक्ष चुना गया है। जुलाई में ही इसकी घोषणा की गई थी। उस दौरान हुए चुनाव में आम सहमति से रेड्डी के जीवनभर के लिए पार्टी चीफ चुना गया था। उनके नाम पर नामांकन के 22 सेट दाखिल हुए थे।