वॉयस ऑफ़ ए टू जेड न्यूज़:-बिहार के गन्ना उद्योग मंत्री कार्तिक कुमार उर्फ कार्तिकेय सिंह ने नीतीश कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। सीएम नीतीश ने उनका इस्तीफा मंजूर भी कर लिया है। विभाग बदले जाने से वे नाराज बताए जा रहे थे।
बिहार के मंत्री कार्तिक कुमार उर्फ कार्तिकेय सिंह ने गन्ना उद्योग मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बुधवार को सीएम नीतीश कुमार को अपना इस्तीफा भेजा। विवादों में आने के बाद आज ही सीएम नीतीश ने उनका विभाग बदला था। बताया जा रहा है कि कार्तिक कुमार को कानून मंत्री से हटाकर गन्ना उद्योग विभाग पकड़ा दिया गया, इससे वे नाराज हो गए। मुख्यमंत्री ने उनका इस्तीफा मंजूर करके राज्यपाल फागू चौहान को अनुशंसा भेज दी है। कार्तिक कुमार के इस्तीफे के बाद सीएम नीतीश ने राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक कुमार मेहता को गन्ना उद्योग विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कार्तिक कुमार के विवादों में आने के बाद बुधवार को ही उनका विभाग बदल दिया। उनसे कानून विभाग छीनकर गन्ना उद्योग विभाग पकड़ा दिया गया। वहीं, गन्ना उद्योग मंत्री रहे शमीम अहमद को कानून मंत्री बना दिया गया। इससे कार्तिकेय कुमार नाराज बताए जा रहे थे और उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री को सौंप दिया।
क्यों विवादों में आए कार्तिक कुमार सिंह?
कार्तिक कुमार उर्फ कार्तिकेय सिंह नीतीश कैबिनेट में आरजेडी कोटे से मंत्री बनाए गए। वे बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह के करीबी हैं। इन्हें कार्तिक मास्टर के नाम से भी जाना जाता है। कार्तिक कुमार के खिलाफ पटना के बिहटा में 2014 में अपहरण का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें अनंत सिंह भी सह आरोपी हैं। पिछले दिनों उनपर आरोप लगे कि जिस दिन वे राजभवन में मंत्री पद की शपथ ले रहे थे, उसी दिन किडनैपिंग केस में उन्हें कोर्ट में सरेंडर करना था। इसके बाद विपक्षी दल बीजेपी ने इसे मुद्दा बनाया और कार्तिक कुमार देशभर में चर्चित हो गए।