वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज :-हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन अपने काम के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में बने रहते हैं। अभिनेता की तरह उनकी नातिन नव्या नवेली नंदा भी लाइमलाइट में बनी रहती हैं। ग्लैमर की दुनिया से दूर रहने के बावजूद नव्या अपनी सादगी भरे अंदाज के लिए चर्चा में रहती हैं। अब एक बार फिर उन्होंने अपने क्यूट अंदाज से फैंस का दिल जीत लिया है। हाल में नव्या को ट्रैक्टर चलाते हुए देखा गया।
दरअसल, नव्या का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह ट्रैक्टर चलाती हुई नजर आईं। अमिताभ बच्चन की नातिन नव्या ने गुजरात के एक गांव में ट्रैक्टर चलाते खुद यह वीडियो साझा किया है। उन्होंने हाल ही में गुजरात के एक गांव की यात्रा की, जहां वह स्थानीय महिलाओं से मिलीं और एक लग्जरी कार के बजाय एक ट्रैक्टर चलाया।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी टीम के साथ अपना यह वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने गुजरात के गणेशपुरा का दौरा किया। नव्या ने आरा हेल्थ की ओर से आयोजित मीटिंग में महिलाओं से मुलाकात की। वीडियो को साझा करते हुए नव्या ने कैप्शन में लिखा, 'गणेशपुरा, गुजरात।' वीडियो में नव्या की सादगी देख फैंस उनकी खूब तारीफ कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर नव्या का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट किया, 'वह अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाएंगी।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'आप कुछ कमाल का काम कर रही हैं। यह बच्चन और नंदा परिवार दोनों के लिए बहुत गर्व की बात होनी चाहिए कि आप कैसे एक नए क्षेत्र में विरासत को आगे बढ़ा रही हैं और यह सिर्फ शुरुआत है। मुझे यकीन है कि आप करेंगी। आने वाले वर्षों में अपने लक्ष्यों को प्राप्त करें। भगवान का आशीर्वाद हमेशा बना रहे।' एक यूजर ने लिखा, 'आप जिस तरह से इतनी सादगी से दूसरों को सपोर्ट करने की कोशिश कर रही हैं, वह कमाल है।'
नव्या नवेली नंदा, श्वेता बच्चन की बेटी हैं। नव्या नवेली सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और इंस्टाग्राम पर उनकी तगड़ी फैन फॉलोइंग है। वह अक्सर अपने फैंस के साथ बातचीत करती रहती हैं। इसके साथ ही वह अपने पॉडकास्ट को लेकर आए दिन चर्चा में रहती हैं। नव्या अपना फैमिली बिजनेस भी संभाल रही हैं। इसके साथ ही वह ऑनलाइन हेल्थ केयर प्लेटफॉर्म आरा हेल्थ की फाउंडर भी हैं।