वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-बुधवार को दिल्ली, हरियाणा और आसपास के इलाकों से भारी संख्या में महिलाओं को संसद लाया गया है। गुरुवार को राजस्थान से दो हजार महिलाओं का दल नई दिल्ली पहुंचेगा और संसद की कार्यवाही का साक्षी बनेगा...
केंद्र सरकार ने 'नारी शक्ति वंदन' विधेयक पेश कर देश भर की महिलाओं के बीच एक चर्चा शुरू कर दी है। उनके बीच चर्चा है कि इस बिल के कानून बनने के बाद उनकी जमीनी स्थिति में बदलाव आएगा और वे भी पुरुषों की तरह आगे बढ़कर देश के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकेंगी। केंद्र सरकार ने यह तय किया है कि इस एतिहासिक बिल को बनते हुए भी महिलाएं देखें। इसे ध्यान में रखते हुए नई संसद की दर्शक दीर्घा में देश भर से महिलाओं को लाया जा रहा है और उन्हें इस एतिहासिक पल का साक्षी बनाया जा रहा है।
बुधवार को दिल्ली, हरियाणा और आसपास के इलाकों से भारी संख्या में महिलाओं को संसद लाया गया है। गुरुवार को राजस्थान से दो हजार महिलाओं का दल नई दिल्ली पहुंचेगा और संसद की कार्यवाही का साक्षी बनेगा। इसके लिए राजस्थान की राजधानी जयपुर के साथ-साथ पूरे राजस्थान से महिलाओं को लाया जा रहा है। चूंकि, राजस्थान में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव भी होने हैं, इसका भाजपा को लाभ मिल सकता है।
राजस्थान भाजपा नेता पूजा कपिल मिश्रा ने अमर उजाला को बताया कि इस कानून के बनने से देश की आधी आबादी को उनका अधिकार मिल सकेगा। राजस्थान में महिलाओं का गौरवशाली इतिहास रहा है, लेकिन कई कारणों से आधुनिक समय में उनका वह अधिकार पीछे छूट गया है। इस नए कानून से महिलाओं को उनका सम्मान और अधिकार मिल सकेगा।