वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की फॉरच्यून सोसायटी में बृहस्पतिवार रात एक महीने बाद फिर से गोली चल गई। इस बार दो बच्चों समेत तीन को गोली लगी है। एक बच्ची के हाथ की हड्डी में छर्रा फंसा हुआ है अन्य दो को छूकर गोली निकल गई। घटना के बाद सोसायटी में दहशत का माहौल है। बच्ची के पिता ने नंदग्राम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सोसायटी निवासी संतोष झा पंजाब नेशनल बैंक की मोदीनगर शाखा प्रबंधक हैं। बृहस्पतिवार रात उनकी 15 वर्षीय बेटी सृष्टि हौज खास दिल्ली से आई बुआ की बेटी प्रीति कुमारी के साथ डी-ब्लाॅक के पीछे खेल रही थी। रात करीब साढ़े दस बजे अचानक गोली चली और प्रीति कुमारी के हाथ में लग गई। तीन राउंड फायरिंग में सृष्टि और एक युवक के हाथ को छूते हुए गोली निकल गई। फायरिंग की आवाज के बाद सोसायटी के लोग मौके पर पहुंच गए। तीनों को नजदीक के अस्पताल में पहुंचाया। सृष्टि और युवक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। प्रीति कुमारी को नया बस अड्डा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका उपचार चल रहा है। मौके पर पहुंची नंदग्राम थाने की पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। आसपास तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला।
महीने भर पहले भी इसी तारीख को चली थी गोली
फॉरच्यून सोसायटी के एओए अध्यक्ष कपिल त्यागी ने बताया कि एक महीने पहले भी ठीक साढ़े दस बजे गोली चली थी। गोली बालकनी में खड़ी महिला को लगी थी। सोयायटी में एक महीने में दो बार गोली चलने की घटना से सोसायटी में डर का माहौल है। अध्यक्ष का कहना है कि दो बार हमले के बाद भी हमलावरों को पुलिस ढूंढ नहीं सकी है।
एसीपी नंदग्राम आलोक दुबे ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एयर गन का इस्तेमाल किया गया है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।