वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-प्रत्याशियों की संपत्ति पर नजर डालें तो 45 उम्मीदवार करोड़पति हैं। मतलब इनके पास एक करोड़ या इससे अधिक की संपत्ति है। सभी प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 86.37 लाख रुपये है। आइए जानते हैं कितने प्रत्याशियों के पास कितनी संपत्ति है? पांच सबसे अमीर प्रत्याशी कौन-कौन से हैं और किस प्रत्याशी के पास मुख्यमंत्री से ज्यादा दौलत है?
त्रिपुरा में आज विधानसभा की सभी 60 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इन 60 सीटों पर कुल 259 प्रत्याशियों ने ताल ठोकी है। सबसे ज्यादा पश्चिमी त्रिपुरा की 14 सीटों पर 61 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इसके बाद सिपाहीजाला जिले की नौ सीटों पर 39 उम्मीदवार मैदान में हैं।
प्रत्याशियों की संपत्ति पर नजर डालें तो 45 उम्मीदवार करोड़पति हैं। मतलब इनके पास एक करोड़ या इससे अधिक की संपत्ति है। सभी प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 86.37 लाख रुपये है। आइए जानते हैं कितने प्रत्याशियों के पास कितनी संपत्ति है? पांच सबसे अमीर प्रत्याशी कौन-कौन से हैं और किस प्रत्याशी के पास मुख्यमंत्री से ज्यादा दौलत है?
पहले आंकड़े जान लीजिए
त्रिपुरा में चुनाव लड़ रहे 259 में से 45 प्रत्याशियों (17 प्रतिशत) के पास एक करोड़ या इससे अधिक की संपत्ति है। 2018 के मुकाबले इसमें पांच प्रतिशत का इजाफा हुआ है। पिछले चुनाव में 12 फीसदी प्रत्याशी ही करोड़पति के दायरे में थे।
इस बार नौ उम्मीदवार ऐसे हैं, जिनके पास पांच करोड़ या इससे अधिक दौलत है। 20 प्रत्याशियों के पास दो से पांच करोड़ रुपये तक की संपत्ति है। 59 प्रत्याशियों के पास 50 लाख से दो करोड़ रुपये तक की दौलत है। 70 प्रत्याशियों के पास 10 से 50 लाख और 101 प्रत्याशियों के पास 10 लाख से कम की संपत्ति है।
अगर प्रतिशत में करोड़पति प्रत्याशियों की संख्या देखें तो कांग्रेस के सबसे ज्यादा 46 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति हैं। भाजपा के 31 प्रतिशत और टिपरा मोथा के 21 प्रतिशत प्रत्याशियों के पास एक करोड़ या इससे अधिक की संपत्ति है। सीपीआईएम के 16 प्रतिशत और तृणमूल कांग्रेस के 14 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति हैं।
ये हैं पांच सबसे अमीर प्रत्याशी
1. जिश्नु देव वर्मा, भाजपा: त्रिपुरा के सबसे अमीर प्रत्याशी जिश्नु देव वर्मा हैं। जिश्नु के पास कुल 15.58 करोड़ रुपये की दौलत है। यही वह प्रत्याशी हैं, जिनके पास त्रिपुरा के मुख्यमंत्री मानिक साहा से भी ज्यादा संपत्ति है। जिश्नु सिपाहीजाला जिले की आरक्षित चारिलम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इन्होंने अपने हलफनामे में बताया है कि इनके पास कुल दो करोड़ तीन लाख से ज्यादा की चल और 13 करोड़ 55 लाख से अधिक अचल संपत्ति है।
2. मानिक साहा, भाजपा : त्रिपुरा के मुख्यमंत्री मानिक साहा इस बार पश्चिमी त्रिपुरा के टाउन बरदोवाली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। साहा के पास कुल 13.90 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें 1.10 करोड़ रुपये की चल और 12.80 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।
3. अभिजीत सरकार, टिपरा मोथा : पहली बार त्रिपुरा के चुनावी मैदान में उतरी टिपरा मोथा पार्टी के नेता अभिजीत सरकार सूबे के तीसरे सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। इनके पास कुल 12.57 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इनमें 42 लाख रुपये की चल और 12.15 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।
4. बिस्वा बंधु सेन, भाजपा : नॉर्थ त्रिपुरा के धरमनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे बिस्वा बंधु सेन त्रिपुरा के चौथे सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। बिस्वा बंधु के पास कुल नौ करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें 1.73 करोड़ रुपये की चल और आठ करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।
5. सुदीप रॉय बर्मन, कांग्रेस: पश्चिमी त्रिपुरा की अगरतला विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सुदीप त्रिपुरा के पांचवें सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। सुदीप के पास कुल आठ करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें 2.71 करोड़ रुपये की चल और 6.22 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।