वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विजेंद्र यादव ने बताया कि पदयात्रा में जिले से करीब 10,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि पदयात्रा को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज यानी मंगलवार को सुबह नौ से 10 के बीच लोनी पहुंचेगी। यह यात्रा पूर्वी दिल्ली के रास्ते गोकुलपुरी चौक होकर लोनी पहुंचेगी। यात्रा की अगुवाई कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कर रहे हैं। उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, कांग्रेस के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी समेत कई दिग्गज कांग्रेसी शामिल रहेंगे।
गाजियाबाद से शामिल होंगे 10 हजार लोग
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विजेंद्र यादव ने बताया कि पदयात्रा में जिले से करीब 10,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि पदयात्रा को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। सभी कांग्रेस कार्यकर्ता यात्रा की व्यवस्था में लगे हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा में शामिल होने के लिए भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत, रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती को भी पार्टी हाईकमान ने आमंत्रण भेजा है।
कमिश्नर ने पुलिस बल के साथ किया लोनी का दौरा
सोमवार को पुलिस कमिश्नर अजय मिश्रा ने लोनी का दौरा किया। उनके साथ डी सी डॉक्टर इरज राजा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पदयात्रा वाले मार्ग का निरीक्षण किया। कमिश्नर ने सुरक्षा में किसी प्रकार की खामी ना हो इसके निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए हैं। खुफिया विभाग भी यात्रा को लेकर जानकारी जूटा रहा है।
एक दिन में 25 किलोमीटर का सफर
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक दिन में 25 किलोमीटर की पदयात्रा की जा रही है।
यात्रा का रूट
पदयात्रा लोनी से बागपत की ओर बढ़ेगी। टोनिका सिटी, मंडोला के रास्ते यात्रा गाजियाबाद सीमा पार कर बागपत में प्रवेश करेगी।