वॉयस ऑफ़ ए टू जेड न्यूज़:-गुजरात विधानसभा चुनाव में दो चरणों में मतदान कराए गए थे। पहले चरण के लिए एक दिसंबर को वोटिंग हुई थी, जबकि दूसरे चरण के लिए पांच दिसंबर को लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। चुनाव के नतीजों का एलान आज यानी आठ दिसंबर को किया गया। आइए जानतें हैं इस परिणाम के एक सबसे अहम पहलू के बारे में...
आखिरकार वह पल आ ही गया, जिसका बीते कई महीने से लोग इंतजार कर रहे थे। वैसे तो गुजरात चुनाव की प्रक्रिया तो नवंबर में ही शुरू हुई थी, लेकिन इस विधानसभा चुनाव का शोर तो इस साल की शुरुआत से ही तेज हो गया था। लंबे समय से भाजपा ने इस राज्य की सत्ता पर कब्जा जमा रखा है। 2017 में कांग्रेस ने कड़ी टक्कर तो दी थी, लेकिन सत्ता से दूर रह गई। इस बार भी वह भाजपा को टक्कर देने की कोशिश कर रही है।
हालांकि, इस बार दिल्ली और पंजाब में सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी भी गुजरात में जोर-आजमाइश कर रही है। आप ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाया। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ने भी कई सीटों पर सेंधमारी की कोशिश की। सूबे में करीब नौ से 10 फीसदी मुस्लिम वोटर्स हैं। 30 से अधिक विधानसभा सीटें ऐसी हैं जहां मुस्लिम वोटरों की संख्या 15 फीसदी से ज्यादा है। इनमें से 20 में ये संख्या 20 फीसदी से भी ज्यादा है।
ऐसे में हम आपको बता रहे हैं कि वे 10 सीटें जहां मुस्लिम मतदाता सबसे ज्यादा हैं, उन्होंने किसे सत्ता की चाबी सौंपी? इससे हम यह भी जानने की कोशिश करेंगे कि गुजरात में आखिर मुसलमान मतदाताओं ने किस पर भरोसा जताया। आइए समझते हैं...
गुजरात की मुस्लिम बहुल 10 सीटों पर कैसे रहे हैं नतीजे
सीट | कितने फीसदी मुस्लिम | 2012 में कौन जीता | 2017 में कौन जीता | 2022 (अब तक कौन आगे) |
जमालपुर खड़िया | 61 | भाजपा | कांग्रेस | कांग्रेस |
दाणिलिमड़ा | 48 | कांग्रेस | कांग्रेस | भाजपा |
दरियापुर | 46 | कांग्रेस | कांग्रेस | भाजपा |
वागरा | 44 | भाजपा | भाजपा | भाजपा |
भरूच | 38 | भाजपा | भाजपा | भाजपा |
वेजलपुर | 35 | भाजपा | भाजपा | भाजपा |
भुज | 35 | भाजपा | भाजपा | भाजपा |
जंबुसर | 31 | भाजपा | कांग्रेस | भाजपा |
बापूनगर | 28 | भाजपा | कांग्रेस | भाजपा |
लिंबायत | 26 | भाजपा | भाजपा | भाजपा |
गुजरात में अब तक मुस्लिम विधायकों का प्रतिनिधित्व?
गुजरात में करीब 10 फीसदी मुस्लिम हैं। इस लिहाज से देखें तो राज्य विधानसभा में आबादी के लिहाज से करीब 18 विधायक हो सकते हैं। हालांकि, गुजरात की किसी भी विधानसभा में मुस्लिम विधायकों की संख्या कभी सात से ज्यादा नहीं रही। 2017 में तीन मुस्लिम उम्मीदवार जीतकर विधायक बने थे। तीनों कांग्रेस का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। 2012 विधानसभा चुनाव में महज दो मुस्लिम उम्मीदवार ही जीतने में सफल रहे थे।