वॉयस ऑफ़ ए टू जेड न्यूज़:-पूरी दुनिया में अपने जादू का परचम फहराने वाले कानपुर के महान जादूगर ओपी शर्मा के निधन पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि कई दशकों से जादू के स्टेज के वन मैन शो, विश्व प्रसिद्ध जादूगर कानपुर निवासी श्री ओपी शर्मा जी के निधन की दुखद सूचना प्राप्त हुई है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को अपार दु:ख सहन करने की शक्ति दें।
बता दें कि 76 वर्षीय विश्व प्रसिद्ध जादूगर कानपुर निवासी श्री ओपी शर्मा जी का शनिवार देर रात निधन हो गया। काफी दिनों से वो बीमार चल रहे थे। किडनी की बीमारी से पीड़ित कानपुर के फॉर्च्यून अस्पताल उनका इलाज चल रहा था। देर रात अस्पताल में उन्होंने ने आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही शहर में शोक की लहर दौड़ गई। रंगमंच और इंद्रजाल की दुनिया का हर शख्स गमगीन हो गया। बता दें कि जादूगर ओपी शर्मा मूल रूप से बलिया के रहने वाले थे। वह कानपुर में स्मॉल आर्म्स फैक्ट्री में कम करने आए थे और फिर यहीं से जादूगर बन गए। ओपी शर्मा के द्वारा आगरा में समय-समय पर अलग-अलग जादू दिखाया जाता था। आगरा के लोग इंतजार करते थे कि कब ओपी शर्मा आएं और उन्हें जादू दिखाएं। ओपी शर्मा ने अपनी जिंदगी में 34 हजार से ज्यादा जादू के शो किए। उनके परिवार में पत्नी, 3 बेटे और 1 बेटी है। ओपी शर्मा के छोटे बेटे सत प्रकाश शर्मा भी जूनियर ओपी शर्मा कहे जाते हैं। वहीं ओपी शर्मा समाजवादी पार्टी की तरफ से कानपुर में गोविंद नगर से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके थे। गौरतलब है कि जादूगर ओपी शर्मा के घर का नाम भूत बंगला है, जो शहर की एक पहचान बन चुकी है। जादूगर ओपी शर्मा 13 सितंबर 2019 को आखिरी बार आगरा आए थे। यहां पर उन्होंने सूरसदन प्रेक्षागृह में जादू दिखाया था। जादूगर ओपी शर्मा का शो देखने के लिए लोग ब्लैक में भी टिकट खरीद रहे थे। जादूगर ओपी शर्मा कभी भी किसी भी शहर में शो करने जाते थे तो उनके साथ 100 से अधिक लोगों का काफिला होता था। ओपी शर्मा जब एक जगह से दूसरी जगह रवाना होते थे तो इंद्रजाल का सारा सामान 16 से अधिक ट्रकों में भर कर जाता था। उनकी टोली में सहयोगी पुरुष एवं महिला कलाकारों, संगीतकारों, गायकों, मेकअप मैन और प्रकाश नियंत्रक जैसे कई सहयोगी होते थे।