वॉयस ऑफ़ ए टू जेड न्यूज़:-चौटाला के बड़े बेटे अजय सिंह चौटाला के द्वारा जननायक जनता पार्टी के गठन के बाद इनेलो हरियाणा में अस्तिव की लड़ाई लड़ रही है। जजपा हरियाणा में बीजेपी के साथ मिलकर सरकार चला रही है।
हरियाणा के फतेहाबाद में आज विपक्षी एकजुटता दिखाने के लिए इनेलो की एक बड़ी रैली होने वाली है। मंच पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के मुखिया शरद पवार, बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल युनाइटेड (JDU) नेता नीतीश कुमार और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला सहित कई विपक्षी नेताओं के पहुंचने की संभावना है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और सीपीएम के सीताराम येचुरी भी इनेलो के संस्थापक देवी लाल की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली इस रैली में शामिल होंगे।
इतने सारे क्षेत्रीय दलों के एक साथ आने को विपक्षी एकता बनाने के प्रयासों के तौर पर देखा जा रहा है। इतना ही नहीं, आज ही इस रैली के बाद नीतीश कुमार और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी से मिलने की भी संभावना है। जेडीयू नेता केसी त्यागी ने कहा, "यह एक ऐतिहासिक रैली होगी, जो 2024 के लोकसभा चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ समान विचारधारा वाली ताकतों को मजबूत करेगी।" आपको बता दें कि इस रैली में बीजेपी के बीरेंद्र सिंह के शामिल होने की संभावना है। भाजपा नेतृत्व के साथ बीरेंद्र सिंह के समीकरण पिछले कुछ समय से खराब चल रहे हैं। हालांकि उनके बेटे बृजेंद्र सिंह हरियाणा के हिसार से भाजपा सांसद हैं।
अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है इनेलो
ओम प्रकाश चौटाला के बड़े बेटे अजय सिंह चौटाला के द्वारा जननायक जनता पार्टी के गठन के बाद इनेलो हरियाणा में अस्तिव की लड़ाई लड़ रही है। जजपा हरियाणा में बीजेपी के साथ मिलकर सरकार चला रही है। दुष्यंत चौटाला उपमुख्यमंत्री पद की गद्दी संभाले हुए हैं। इनेलो इस रैली के जरिए अपनी खोई हुई ताकत फिर से वापस करने की कोशिश कर रही है। आपको बता दें कि जेजेपी ने पिछले विधानसभा चुनावों में इनेलो के पारंपरिक वोटों में से अधिकांश में सेंध लगाने में कामयाबी हासिल की थी। इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव अभय चौटाला ने कहा, "इस रैली में देश भर के विपक्षी नेता एक मंच पर आएंगे और यह 2024 के चुनावों से पहले विपक्षी पार्टियों के बीच एकता को और मजबूत करेगा।" वहीं, केसी त्यागी ने कहा कि हनुमान बेनीवाल और हरियाणा के पूर्व मंत्री विनोद शर्मा भी इस रैली में शामिल होंगे।
रैली से ममता ने बनाई दूरी
इनेलो नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और टीडीपी के चंद्रबाबू नायडू सहित कई अन्य क्षेत्रीय दिग्गजों को जनसभा में भाग लेने के लिए निमंत्रण भेजा है। पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने शुक्रवार को कहा था कि रैली में टीएमसी विधायक विवेक गुप्ता पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी न्योता दिया गया है। बीजेपी से नाता तोड़ने के बाद नीतीश कुमार कांग्रेस सहित गैर-भाजपा दलों के बीच एकता की आवश्यकता पर जोर दे रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी और शरद पवार सहित कई प्रमुख नेताओं के साथ दिल्ली में मुलाकात की थी। हालांकि, इस रैली में कांग्रेस शामिल नहीं होगी, जो कि हरियाणा में इनेलो की कट्टर विरोधी रही है।