वॉयस ऑफ़ ए टू जेड न्यूज़:-पूर्वांचल का ऑक्सफोर्ड कहे जाने वाले गोरखपुर के सेंट एंड्रयूज कॉलेज पर 4 करोड़, एनईआर पर 3.5 करोड़ और PWD पर 1.3 करोड़ रुपए जलकर, गृहकर और सीवर कर बकाया हो गया है। नगर निगम ने चेतावनी दी है।
पूर्वांचल का ऑक्सफोर्ड कहा जाने वाले सेंट एंड्रयूज कॉलेज पर चार करोड़ रुपए, पूर्वोत्तर रेलवे पर 3.5 करोड़, जिला जज कार्यालय पर 1.1 करोड़ और पीडब्ल्यूडी पर 1.3 करोड़ रुपये का जलकर, गृहकर और सीवर कर बकाया हो गया है। लम्बे समय से इन संस्थानों और विभागों ने नगर निगम को कर नहीं जमा किया है। नगर आयुक्त ने कर जमा नहीं करने पर सेंट एंड्रयूज कॉलेज और पीडब्ल्यूडी का खाता सीज करने का आदेश दिया है। कर वसूली की समीक्षा बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने कर निरीक्षक बलराम पांडेय, नायब मोहर्रिर ज्ञान पांडेय, अतिफुल हक और अनुचर को इस बाबत निर्देशित किया। नगर आयुक्त ने कम वसूली पर नाराजगी जताई। नगर आयुक्त ने कहा है कि सभी बड़े बकाएदारों को बकाया भुगतान का नोटिस दिए जाने और प्रक्रिया पूर्ण कर बकाया न जमा करने पर खाते सीज किए जाए। वहीं कम कर वसूली पर कर निरीक्षकों को भी कार्रवाई के लिए चेतावनी दी है। उन्होंने कर निरीक्षक बलराम पाण्डेय को टॉप 20 बकाएदारों से गंभीरता से वसूली न कराने पर कड़ी नाराजगी जताने के साथ निलंबन की चेतावनी दी। अनुचर सदानंद पर कम वसूली पर नाराजगी जताई।
बकाया जमा न करने पर सील होगा परिसर
नगर निगम प्रशासन ने कहा है कि जिन भवनों के मालिकों पर ज्यादा टैक्स बकाया है और नोटिस के बाद भी जमा नहीं किया जा रहा उनके भवन और परिसर सुरक्षा बलों की मदद से सील किए जाएंगे। फिलहाल नगर निगम प्रशासन ने सभी कर व राजस्व निरीक्षकों को वसूली व भवन सील करने की कार्रवाई के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराई है। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि नगर निगम की आय का बड़ा जरिया जल कर, गृह कर व सीवर कर से मिलने वाली धनराशि है। कई संस्था और विभाग निगम का टैक्स नहीं चुका रहे हैं। इन संस्थानों व विभागों को नोटिस दिया जाएगा और इसके बाद भी बकाया कर नहीं जमा होता है तो खाता सीज कराया जाएगा।