वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज :-बलिया। अब प्रदेश में जल्द ही महिला होमगार्ड भी सड़क पर पुलिस की गाड़ियां दौड़ाती नजर आएंगी। करीब 150 महिला होमगार्ड को केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में विशेषज्ञों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण संस्थान पुरानी जेल रोड स्थित होमगार्ड मुख्यालय में है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम एक से 31 जून तक चलेगा। इसके बाद महिला होमगार्ड को विभाग की ओर से ड्राइविंग लाइसेंंस और सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद इन महिला होमगार्ड को डायल 112 के अलावा पिंक पुलिस और 1090 की महिला पुलिस अधिकारियों के साथ तैनात किया जाएगा। महिला होमगार्ड उनकी गाड़ियां चलाएंगी। बीते दिनों इस संबंध में शासन के निर्देश पर अपर मुख्य सचिव होमगार्ड अनिल कुमार द्वितीय, डीजी होमगार्ड विजय कुमार, डीआइजी मुख्यालय रणजीत सिंह, डीआइजी केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान विवेक कुमार सिंह की बैठक में पूरी कार्ययोजना तैयार की गई।
इनसेट….
महिला होमगार्ड को और सशक्त बनाने की शासन की मंंशा
बलिया। पिंक पुलिस, 1090 समेत अन्य महिला पुलिस विंग में तैनात महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा छेड़छाड़, महिला हिंसा से संबंधित मामलों में जब किसी अपराधी की गिरफ्तारी अथवा हिरासत में लिया जाता है। ऐसी स्थिति में पुरुष वाहन चालकों के साथ में होने के कारण उन्हें अपराधी से पूछताछ में दिक्कतें होती हैं। इसलिए महिला पुलिस अधिकारियों और महिला पुलिस विंग के साथ इन होमगार्ड महिला पुलिस चालकों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही महिला होमगार्ड को और सशक्त बनाने की मंंशा शासन की है।
इनसेट….
12 मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र की महिला होमगार्ड का होगा प्रशिक्षण
बलिया। पहले फेस में 12 मंडीलय प्रशिक्षण केंद्र की महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र लखनऊ, कानपुर, झांसी, आगरा, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, अयोध्या, आजमगढ़, वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज है। प्रदेश भर में महिला होमगार्ड की संख्या करीब चार हजार है। हालांकि स्वीकृत संख्या पांच हजार के आस पास है।