वॉयस ऑफ़ ए टू जेड न्यूज़:-गोरखपुर में एक सिरफिरे ने नशे का इंजेक्शन देने से इनकार पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद सिरफिरे को पुलिस ने पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
उसके साथ हॉस्पिटल पर आई लड़की भी पकड़ी गई है।
गोरखपुर के शाहपुर इलाके के जेल बाईपास स्थित एबीएस हॉस्पिटल में रविवार सुबह नशीला इंजेक्शन न मिलने पर एक मनबढ़ ने पिस्टल से फायरिंग कर दी।
गोली चलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जांच के बाद पुलिस ने कुछ ही देर में युवक और उसके साथ गई युवती को गिरफ्तार कर उनके पास से अवैध पिस्टल बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपितों की पहचान जंगलमातादीन निवासी जावेद उर्फ छोटू और इंद्रानगर निवासी सोना ठाकुर उर्फ यशस्वी सिंह के रूप में हुई है।
शाहपुर इलाके के जेल बाईपास पर एबीएस हॉस्पिटल है। अस्पताल संचालक अफजल खान का आरोप है
कि रविवार सुबह 6.30 बजे एक युवक युवती के साथ अस्पताल के मेडिकल स्टोर पर पहुंचा और नशे का इंजेक्शन मांगने लगा।
अस्पताल कर्मियों द्वारा डॉक्टर का पर्चा दिखाने को कहा गया मनबढ़ युवक विवाद करने लगे। बीच-बचाव करने पर मनबढ़ ने अस्पताल पर पथराव कर दिया।
कर्मचारियों ने युवक और युवती को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी जावेद ने असलहा निकालकर दो राउंड हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी और मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपितों जावेद व सोना ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।