वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज–
बाराबंकी- जूते के तल्लों में सोना छिपाकर जांच एजेंसियों को चकमा देने की तैयारी थी, लेकिन राजस्व सूचना निदेशालय (डीआरआइ) की सतर्कता से तस्करी का राजफाश हो गया। 26 अक्टूबर को अहमदपुर टोल प्लाजा पर निजी बस से उतारकर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इनके पास से 1.996 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 2.76 करोड़ रुपये बताई गई है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान दुर्गेश और मनीष के रूप में बताई जा रही है। डीआरआइ लखनऊ के अधिकारियों को नेपाल के रास्ते विदेशी सोने की तस्करी किए जाने की खुफिया सूचना मिली थी।
इसके बाद टीम ने सिद्धार्थनगर से दिल्ली जा रहे संदिग्धों की निगरानी शुरू की। दोनों आरोपित बस्ती से एक निजी बस में सवार हुए थे। उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी नामों से बस के टिकट बुक कराए थे।

तलाशी के दौरान एक आरोपित के जूतों के तल्लों के नीचे छिपाकर रखी गईं उच्च शुद्धता वाले सोने की दो छड़ें बरामद हुईं। डीआरआइ ने सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत सोना जब्त कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।