वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
उत्तर प्रदेश में 1अगस्त से वाहनों के लिए पेपर आरसी की जगह क्यूआर कोड और चिप वाली स्मार्ट कार्ड आरसी जारी की जाएगी।
लखनऊ-प्रदेश में एक अगस्त से वाहनों की पेपर रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) की जगह क्यूआर कोड और चिप से लैस स्मार्ट कार्ड आरसी जारी की जाएगी। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के निर्देश पर परिवहन विभाग ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
अभी तक प्रदेश में वाहनों की पेपर आरसी जारी की जाती थी, लेकिन अब इसकी जगह स्मार्ट कार्ड आरसी लागू की जा रही है। इस स्मार्ट कार्ड में इलेक्ट्रानिक चिप और क्यूआर कोड होगा, जिससे वाहन संबंधी जानकारी अधिक सुरक्षित और आसानी से सत्यापित की जा सकेगी।

मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश लाजिस्टिक्स कार्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएलसी) जेम पोर्टल के माध्यम से 10 दिनों के भीतर निविदा (बिडिंग) की प्रक्रिया पूरी करेगा। इसके बाद सबसे उपयुक्त वेंडर का चयन कर योजना का ट्रायल कराया जाएगा।
पूरी प्रक्रिया 15 दिनों के भीतर पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग 25 जुलाई तक सभी आवश्यक उपकरण और तकनीकी व्यवस्थाएं स्थापित कर देगा, ताकि एक अगस्त से पूरे प्रदेश में स्मार्ट कार्ड आरसी जारी करने की व्यवस्था शुरू की जा सके।