वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- उत्तर प्रदेश में एक जुलाई से स्कूल चलो अभियान का दूसरा चरण शुरू होगा। इसके तहत स्कूल जाने की आयु के प्रत्येक बच्चे का नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही कक्षा पांच से छह, कक्षा आठ से नौ और कक्षा 10 से 11 में सभी विद्यार्थियों के प्रवेश की जिम्मेदारी संबंधित प्रधानाध्यापकों को सौंपी गई है।
अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इस संबंध में सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों और मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों को निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने राजकीय शिक्षकों के स्थानांतरण और समायोजन की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ तय समय में पूरा करने को कहा है। समग्र शिक्षा और पीएम श्री योजना के तहत लंबित भुगतान 30 जून तक निपटाने व कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रयोगशालाओं के उपकरणों का सत्यापन कर सभी लैब को क्रियाशील बनाने पर जोर दिया गया है। प्रोजेक्ट अलंकार, नए मिनी स्टेडियम और 44 इंडोर मिनी स्टेडियमों से जुड़े कार्यों की प्रगति तेज करने को कहा गया है।
वहीं, शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार नियमित पठन-पाठन, मूल्यांकन और आनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार अनुपस्थित विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क भी किया जाएगा। ड्रीम लैब परियोजना, प्रोजेक्ट प्रवीण और बीएड विद्यार्थियों की इंटर्नशिप की नियमित निगरानी करने को कहा गया है।
वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी जर्जर भवनों पर लाल निशान लगाकर उन्हें एबंडंड घोषित करने तथा उनके उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही जिला विद्याालय निरीक्षक को हर माह प्रधानाचार्यों के साथ वर्चुअल संवाद कर पठन-पाठन, उपस्थिति और व्यावसायिक शिक्षा की समीक्षा करने को कहा गया है।
