वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- मलिहाबाद के कसमंडी कलां गांव में दो विवादित ढांचों को लेकर उपजे विवाद के बीच संघर्ष की रणनीति बनाने के लिए बुधवार को काकोरी के मलहां गांव में पासी समाज ने बैठक बुलाई है।
लाखन आर्मी के अध्यक्ष सूरज पासी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सामाजिक एकजुटता के साथ ही कानूनी लड़ाई पर विमर्श किया जाएगा। इस बीच कसमंडी कलां में तनाव बना हुआ है। ढांचे की सुरक्षा में पुलिस तैनात है। हालांकि पहले से जवानों की संख्या आधी कर दी गई है।
कसमंडी कलां के विवाद के बीच सोमवार को लाखन आर्मी के अध्यक्ष ने मोहनलालगंज के सांसद आरके चौधरी से मुलाकात की थी। उनसे पासी समाज के साथ खड़े होने और संघर्ष में साथ देने की अपील की थी। इस संबंध में सूरज पासी ने उन्हें ज्ञापन भी दिया था।
हालांकि चौधरी ने इस मामले में सीधे कुछ बोलने से बचते हुए कहा था कि वह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के संज्ञान में इस प्रकरण को लाएंगे। इस बारे में समाज के लोगों से बातचीत भी करेंगे। सूरज के आग्रह के बाद भी उन्होंने राजपासी राजा कंस के बारे में कुछ नहीं बोला।
इस पर सूरज उठकर चले गए। लाखन आर्मी के एक पदाधिकारी ने बताया कि बुधवार की बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी। हालांकि संगठन के कुछ पदाधिकारी इस मामले में माेहनलालगंज के पूर्व सांसद कौशल किशोर से समर्थन मांगना चाह रहे हैं। बैठक में इस पर भी बात होनी है।
