वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज–
लखनऊ- प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को अब अध्ययन के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त लाइब्रेरी मिलेगी। जानकीपुरम में नगर निगम 12 करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला पब्लिक डिजिटल लाइब्रेरी बनाने जा रहा है।
करीब एक एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाली इस लाइब्रेरी में बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक के लिए अलग-अलग सुविधाएं विकसित की जाएंगी। शुक्रवार को महापौर सुषमा खर्कवाल ने जानकीपुरम के सेक्टर-एफ (इंजीनियरिंग कालेज के निकट) में भूमि पूजन किया।
नगर निगम की अवस्थापना निधि से बनने वाली इस लाइब्रेरी को आधुनिक शैक्षिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें डिजिटल माध्यम से अध्ययन के साथ ही विद्यार्थियों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को भी यहां अध्ययन के बेहतर संसाधन मिल सकेंगे। लाइब्रेरी में बच्चों के लिए विशेष रीडिंग जोन बनाया जाएगा।

युवाओं और विद्यार्थियों की शैक्षिक एवं बौद्धिक गतिविधियों के लिए सेमिनार हाल भी बनाया जाएगा। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग हाल की व्यवस्था होगी। लाइब्रेरी परिसर में कैफेटेरिया और करीब 50 वाहनों की पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय के न्यू कैंपस, इंजीनियरिंग कालेज और डा. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के आसपास रहने वाले छात्र-छात्राओं के लिए यह लाइब्रेरी उपयोगी साबित होगी। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद निशा तिवारी, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान आदि उपस्थित रहे।