वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- लखनऊ में लाखों लोगों को इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिल जाएगी। यहां पर फ्लाईओवर बनाने के क्रम में सोमवार से फुटओवर ब्रिज तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है।
रिंग रोड पर इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर लगने वाले जाम के कारण सीतापुर रोड के साथ इंदिरा नगर जाने वाले और जानकीपुरम व अलीगंज कालोनी के लाखों लोग रोज प्रभावित होते हैं। इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर फ्लाईओवर का काम लोक निर्माण विभाग की (एनएच) शाखा ने शुरू कर दिया है।
सोमवार से कार्यदायीं संस्था ने एफओबी को तोड़ने का काम शुरू कर दिया। लोक निर्माण विभाग को इस फ्लाईओवर को एक वर्ष के अंदर बनाना है। इसके बनने से रिंग रोड पर जाम की समस्या पूरी तरह से खत्म हो जाएगी और लोग सीधे मड़ियांव होते हुए आईआईएम फ्लाईओवर से सीतापुर जा सकेंगे।
लोक निर्माण विभाग को फ्लाईओवर से जुड़े काम को मई में शुरू कराना था। कार्यदायी संस्था को मशीनों को शिफ्ट करने और यार्ड बनाने में समय लगाने के कारण इस काम में थोड़ा विलंब हो गया। अधिशासी अभियंता राजेश कुमार पिथोरिया ने बताया कि फ्लाईओवर का काम समय से पूरा कर लिया जाएगा।
