वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- उत्तर प्रदेश में रेल ट्रैकों को उड़ाकर आतंकी घटना को अंजाम देने कोशिश की जा रही है। हाल ही में गिरफ्तार किए गए आतंकियों ने पूछताछ में यह कबूल किया है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ समर्थित गैंगेस्टर शहजाद भट्टी द्वारा तैयार किए गए स्लीपर सेल के सदस्यों को रेल ट्रैकों को उड़ाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके मद्देनजर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने रेल ट्रैकों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने पिछले तीन अप्रैल को चारबाग रेलवे स्टेशन के पास से चार आतंकियों साकिब, अरबाब, लोकेश व विकास को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में चारों आतंकियों ने बताया था कि वह आइएसआइ समर्थित पाकिस्तानी गैंगेस्टर शहजाद भट्टी के लिए काम करते थे।
शहजाद भट्टी उन्हें उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार व महाराष्ट्र में रेलवे ट्रैक और सुरक्षा एजेंसियों व राजनीतिक दलों के दफ्तरों को उड़ाने का लक्ष्य दिया था। पाक गैंगेस्टर के इशारे पर ही चारों आतंकियों ने स्लीपर सेल के लिए कई युवाओं को तैयार किया था। इसके बाद एटीएस ने लगातार कई आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तुषार, समीर, दानियाल अशरफ, कृष्णा मिश्रा और दो दिन पहले गिरफ्तार किया गया आतंकी मोहम्मद शेख सहित कई आतंकी शामिल हैं।
इन सभी आतंकियों ने आइएसआइ के हैंडलरों द्वारा आनलाइन प्रशिक्षण हासिल करने और बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश रचने की बात कबूली है।
एटीएस ने आतंकियों से पूछताछ में मिली जानकारी रेलवे पुलिस के साथ भी साझा की है। वहीं आइएसआइ के इशारे पर भारत में आतंक फैलाने की साजिश रच रहे आतंकियों की नजर अब छह जून को होने वाली ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी पर है। नतीजतन छह जून को अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। डीजी रेलवे पुलिस प्रकाश डी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में सभी रेल ट्रैकों की नियमित निगरानी की जा रही है।
