वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- उत्तर प्रदेश में भाजपा के अन्य नेता भले ही ईंधन बचाने को लेकर गंभीर नहीं हैं, लेकिन योगी आदित्यनाथ सरकार में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान को आत्मसात किया है।
शाहजहांपुर से भाजपा से लगातार नौ बार के विधायक खन्ना पहले तो बाइक व साइकिल से चले और फिर पैदल ही दफ्तर से अपने सरकारी आवास पहुंचे। अब वह गैर पेट्रोलियम ईंधन संचालित वाहन का प्रयोग कर रहे हैं। लगातार नौ बार के विधायक खन्ना सदन के वरिष्ठतम सदस्यों में शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पीएम मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद प्रेरणा लेते हुए शुक्रवार को ई-रिक्शा के माध्यम से विधान भवन पहुंच ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया। मंत्री सुरेश खन्ना तो पीएम मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद ई-रिक्शा से विधानसभा पहुंचे। वह लगातार सप्ताह शुक्रवार को ई-रिक्शा से विधान भवन में अपने कार्यालय पहुंचे और काम निपटाया।
मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर डीजल एवं पेट्रोल की न्यूनतम खपत के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाते हुए लगातार तीसरे सप्ताह भी कार्यालय आवागमन के लिए गैर पेट्रोलियम ईंधन संचालित वाहन का प्रयोग किया।
सुरेश खन्ना शुक्रवार को अपने सरकारी आवास दस कालीदास मार्ग से विधान भवन में अपने कार्यालय ई-रिक्शा से पहुंचे तथा दोपहर में भोजन के लिए आवास जाने में भी ई-रिक्शा का ही प्रयोग किया। इसको लेकर उन्होंने कहा कि सप्ताह में एक दिन पेट्रोलियम ईंधन रहित साधन से कार्यालय आने-जाने का उनका निर्णय केवल व्यक्तिगत पहल नहीं, बल्कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति एक जिम्मेदारी भरा संदेश है।
खन्ना ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा तथा ईंधन की बचत आज राष्ट्रीय आवश्यकता बन चुकी है। देश की बड़ी ऊर्जा आवश्यकताएं अभी भी आयातित ईंधन पर निर्भर हैं, ऐसे में प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह अपनी दैनिक जीवनशैली में छोटे-छोटे बदलाव कर राष्ट्रहित में योगदान दे।
उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक सक्षम व्यक्ति सप्ताह में कम से कम एक दिन वैकल्पिक एवं पर्यावरण अनुकूल साधनों का प्रयोग करे तो इससे न केवल प्रदूषण कम होगा बल्कि विदेशी मुद्रा की भी बड़ी बचत संभव होगी।
