वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-
लखनऊ- घूसखोरी के आरोप में गिरफ्तार किए गए सीजीएसटी के झांसी कार्यालय में तैनात कर्मियों के विरुद्ध ईडी मनी लांड्रिंग का मुकदमा दर्ज करेगा। इन्हें सीबीआई ने डेढ़ करोड़ रुपये की घूसखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था।
ईडी ने इस मामले में सीबीआई से अभी तक की जांच की जानकारी और एफआईआर की प्रति मांगी है। सीबीआई ने पिछली 31 दिसंबर को झांसी में छापेमारी कर सीजीएसटी कार्यालय में तैनात डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी, अनिल तिवारी व अजय शर्मा सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया था।

इनके पास से घूस की पहली किस्त के रूप में दिए गए 70 लाख रुपये बरामद किए गए थे। साथ ही आरोपितों के ठिकानों पर की गई छापेमारी में कई संपत्तियों के दस्तावेज व ज्वेलरी भी बरामद की गई थी।
सीबीआई की टीम आरोपितों से पूछताछ कर रही है, लेकिन दूसरी तरफ इस मामले में ईडी ने भी मनी लांड्रिंग के तहत मुकदमा दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है। आरोपितों के बैंक खातों को भी खंगाला जा रहा है।