वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-
लखनऊ- वित्तीय वर्ष 2025-26 का अनुपूरक बजट 22 दिसंबर को विधान मंडल में पेश किया जाएगा। बजट में विकास कार्यों को गति देने के साथ ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों की झलक देखने को मिल सकती है। अनुपूरक बजट का आकार 30 हजार करोड़ रुपये तक होने का अनुमान है।
वित्त विभाग को विभिन्न विभागों से मिले अनुपूरक प्रस्तावों को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही वित्त मंत्री और मुख्यमंत्री संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। विभागों से मिल रहे प्रस्तावों की जांच परख के बाद अनुपूरक की मांगों में प्रस्तावित किया जा रहा है।

यूपीडा की एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के कार्यों के लिए बजट से भारी-भरकम धनराशि दी जा सकती है। लोक निर्माण विभाग ने भी सड़क परियोजनाओं के लिए लगभग 6000 करोड़ रुपये की मांग की है। ग्राम्य विकास, धर्माथ कार्य व पर्यटन स्थलों के विकास के लिए भी सरकार बजट जारी कर सकती है।
कृषि, स्वास्थ्य, नगर विकास विभाग की योजनाओं के लिए भी अनुपूरक के माध्यम से धनराशि मिलने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि चालू वित्तीय वर्ष का मूल बजट लगभग 8.08 लाख करोड़ रुपये का है।