वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-
लम्भुआ/सुलतानपुर:-
सनातन आस्था को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवार्थम फाउंडेशन ने एक ऐतिहासिक पहल करते हुए पवित्र गंगाजल को श्रद्धालुओं के घर-घर पहुंचाने का अभियान शुरू किया। फाउंडेशन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आशीष तिवारी के नेतृत्व में प्रयागराज के माघ मेले से लाया गया गंगाजल भव्य रथ के माध्यम से पूरे क्षेत्र में वितरित किया जाएगा।
लम्भुआ के मेला वाली बाग में आयोजित दिव्य धार्मिक समारोह में गंगा माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद विधि-विधान से भस्म आरती और गंगा आरती संपन्न हुई, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कपाली महाराज तथा विशिष्ट अतिथि प्रधान संघ अध्यक्ष कैलाश चंद्र दूबे रहे। अतिथियों का माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। मंच पर फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।

पूजा-अर्चना के बाद गंगाजल रथ को विधिवत रवाना किया गया। यह रथ क्षेत्र के गांव-गांव जाकर श्रद्धालुओं को गंगाजल उपलब्ध कराएगा। डॉ. आशीष तिवारी ने कहा कि सनातन धर्म में गंगाजल को मोक्षदायिनी और अत्यंत पवित्र माना गया है। यह अभियान खासतौर पर उन लोगों के लिए वरदान साबित होगा, जो वृद्धावस्था, बीमारी या अन्य कारणों से गंगा स्नान करने या गंगाजल लाने में असमर्थ हैं।
उन्होंने कहा कि यह पहल केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का एक बड़ा संकल्प है। कार्यक्रम में फाउंडेशन के विभिन्न प्रदेशों के पदाधिकारी, राष्ट्रीय व जिला टीम, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।