वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज-
लखनऊ- डिजिटल बैकिंग के दौर में भी प्रदेश में बैकिंग सेक्टर तेजी से विस्तार ले रहा है। इस समय औसतन 0.54 प्रति वर्ग किलोमीटर में एक बैकिंग सुविधा केंद्र (आउटलेट) उपलब्ध है, जो कि मार्च 2024 में 0.77 प्रति वर्ग किमी था। मौजूदा समय में राज्य में 4,49,795 आउटलेट के माध्यम से लोगों को बैकिंग सेवाएं मिल रही हैं।
बैकिंग सेवाओं में शीर्ष पर गौतमबुद्धनगर है, जहां प्रति एक लाख की आबादी पर 4290 बैंक शाखाएं उपलब्ध हैं। दो वर्षों में प्रदेश में 1,35,853 बैकिंग केंद्र राज्य में बढ़े हैं। भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा निर्देशों के मुताबिक राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) ने बैंकों की संख्या, कुल आउटलेट, कवरेज एरिया, प्रति लाख आबादी पर उपलब्ध सुविधाएं आदि का ब्योरा तैयार किया है।
एसएलबीसी के संयोजक एसके सिंह के मुताबिक बैंकों का लक्ष्य लोगों को घर के पास बैकिंग सुविधाएं देने पर है। जिसकी वजह से बैकिंग करेस्पांडेट और कियास्क सेंटर पर अधिक जोर दिया जा रहा है। यूपी बैकिंग के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।
मौजूदा समय में प्रदेश के कुल क्षेत्रफल 2,43,286 वर्ग किलोमीटर में 4,49,795 बैंकिंग केंद्र हैं। मार्च 2024 में बैंकिंग केंद्रो/आउटलेट्स की संख्या कुल 3,13,942 था। जिसमें 20,952 बैंक शाखाएं, 19,191 एटीएम, 39,880 बैकिंग करेस्पांडेट सखी तथा 3,69,772 बैंक मित्रों के माध्यम से लोगों को बैंकिंग सेवाएं मुहैया कराई जा रही हैं।
प्रति लाख आबादी पर बैंक शाखाओं के मामले में गौतम बुद्ध नगर प्रदेश में शीर्ष पर है। यहां प्रति एक लाख की आबादी पर 42.90 बैंक शाखाएं हैं। इसके बाद लखनऊ में 25.49 बैंक शाखाएं और कानपुर नगर में 16.28 बैंक शाखाएं हैं। कम घनत्व वाले जिलों में सुल्तानपुर में सबसे कम प्रति एक लाख की आबादी पर 5.79 शाखाएं हैं। बदायूं में 6.42 तथा बहराइच जिले में 6.71 बैंक शाखाएं हैं।
आकांक्षी जिलों में सोनभद्र की स्थिति सबसे अच्छी-
आठ आकांक्षी जिलों में बैंक शाखाएं पिछले दो सालों में कम हुई हैं। आकांक्षी जिले बहराइच, बलरामपुर, चंदौली, चित्रकूट, फतेहपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर और सोनभद्र जिले में मार्च 2024 में प्रति लाख आबादी पर बैंक शाखाओं की संख्या 8.41 थी जो अब घटकर 8.39 हो गई हैं। प्रदेश में प्रति लाख आबादी पर बैंक शाखाओं की संख्या 10.17 है। आकांक्षी जिलों में सोनभद्र की स्थिति सबसे अच्छी है, यहां पर प्रति लाख आबादी पर 10.58 शाखाएं अपनी सेवाएं दे रही हैं।
मार्च 2026 से बैंकों के कुल 3,69,772 बैंक मित्र और 39,880 बैकिंग करेस्पांडेट सखी कार्यरत हैं। प्रति एक लाख की आबादी पर बैकिंग करेस्पांडेंट यानि बीसी आउटलेट्स की संख्या अब 198.89 हो गई है। दो वर्ष पहले यह संख्या 133.51 थी। सोनभद्र, गौतम बुद्ध नगर और लखनऊ में बीसी आउटलेट्स की संख्या क्रमश: 378.03, 347.61 और 295.41 है।
